फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: सीएमओ सहित नागरिक अस्पताल के तीन चिकित्सक हुए कोरोना संक्रमित

Wed, 19 Apr 2023 12:23 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। जिले में कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी, डीएमसी अजय चोपड़ा के बाद अब तीसरी विभागाध्यक्ष सीएमओ डॉ. सपना गहलावत भी कोरोना संक्रमित हो गई हैं। सीएमओ के अलावा जिला नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हरमेश बंसल व नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी डॉ. गिरीश भी कोरोना संक्रमित मिले हैं। तीनों में कोरोना के लक्षण दिखने पर उनका सैंपल लिया गया था, जो पॉजिटिव आए हैं।
विज्ञापन

मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमण दर 1.78 फीसदी रहा है। स्वास्थ्य विभाग के जारी हुए बुलेटिन के मुताबिक आरटीपीसीआर के 103 और रैपिड एंटीजन के एक सैंपल लिए गए हैं। आरटीपीसीआर सैंपलों को जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल में भेजा गया है। अभी लैब से 103 कोरोना सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। फिलहाल जिले में कोरोना के 16 एक्टिव केस हैं। इसमें पांच होम आइसोलेट हैं और एक निजी अस्पताल में दाखिल है। नौ कोरोना संक्रमितों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
सैंपलिंग बढ़ाई तो नए केस आ रहे सामने
देश व प्रदेश में कोरोना के बढ़ते केसों को देखते हुए फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग ने भी कोरोना की सैंपलिंग बढ़ाई है। इसी के चलते प्रतिदिन कोरोना के नए केस सामने आ रहे हैं। सोमवार को भी कोरोना के तीन केस सामने आए थे। सीएमओ डॉ. सपना गहलावत, नशा मुक्ति केंद्र प्रभारी डॉ. गिरीश व मेडिकल ऑफिसर डॉ. हरमेश बंसल में कोरोना के लक्षण दिखाई दिए थे, इन लक्षणों के बाद उनके सैंपल लिए गए। मंगलवार को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही तीनों को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
विज्ञापन

ज्ञात रहे कि इससे पहले फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी व डीएमसी अजय चोपड़ा भी कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इससे पहले जिले में एक दिन में 6 कोरोना केस मिल चुके हैं।

जिले का ओवरऑल रिकवरी रेट 97.43 फीसदी
कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक जिले में संक्रमण दर 4.7 फीसदी रही है। मृत्यु दर 2.50 है। स्वास्थ्य विभाग अब तक 429837 कोरोना सैंपल ले चुका है। इसमें 20275 कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। फिलहाल जिले का रिकवरी रेट 97.43 फीसदी है।
एहतियात बरतने की जरूरत
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कोरोना से बचाव के लिए एहतियात बरतनी जरूरी है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में मास्क पहनने के अलावा दो गज की दूरी भी रखनी होगी। संक्रमण को और अधिक फैलने से तभी रोका जा सकेगा, जब हर कोई कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करेगा।

इन बातों का रखें ध्यान
- नागरिक अपने हाथों को नियमित रूप से और अच्छे से साबुन व पानी से धोते रहें।
- हैंड सैनिटाइजर का प्रयोग करें।
- छींकने और खांसने के दौरान अपना मुंह व नाक टिशू या रूमाल से ढकें। प्रयोग के तुरंत बाद टिशू को बंद डिब्बे में फेंक दें।
- आपस में उचित दूरी रखते हुए एक-दूसरे का अभिवादन करें।
- बाहर निकलने पर फेस मास्क/कवर का उपयोग करें।
- स्वस्थ व स्वच्छ खाद्य पदार्थ खाएं, अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाएं।
- बुखार, खांसी व सांस लेने में तकलीफ या अस्वस्थ महसूस होने पर डॉक्टर से चेकअप करवाएं।
- बुजुर्गों, बच्चों व गर्भवती महिलाओं का खास ख्याल रखें।
- लोगों से गले मिलने या हाथ मिलाने से बचें। अपनी नाक, आंख व मुंह को बार-बार छूने से बचें।
- भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें व सुरक्षित रहें।

जिले में कोरोना की सैंपलिंग बढ़ाई गई है। कोरोना के आरटीपीसीआर सैंपल अग्रोहा लैब में भेजे जा रहे हैं, जिनकी रिपोर्ट लगातार आ रही है। सीएमओ सहित तीन चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
विज्ञापन

- डॉ.विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें