जाखल (फतेहाबाद)। जाखल पुलिस ने अवैध पिस्तौल व हेरोइन सहित पकड़े गए युवक के साथी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान पंजाब के थाना बरेटा के गांव दयालपुर निवासी बुधराम उर्फ शौकी के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश कर हिसार जेल भेजा गया है।
जाखल थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि इस बारे में पुलिस ने 20 जून को एनडीपीएस एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था। थाना जाखल पुलिस की टीम एएसआई कृष्ण कुमार के नेतृत्व में गश्त पर थी तो नडैल रोड घग्गर पुल जाखल के पास से जसबीर कुमार उर्फ जस्सी निवासी नायक बस्ती को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसके पास से दो नाजायज पिस्तौल व कारतूस के अलावा 6.10 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस मामले में जांच अधिकारी एएसआई रमेश कुमार ने आगामी कार्रवाई करते हुए जसबीर के साथी बुधराम को भी गिरफ्तार किया।