भट्टू कलां की अग्रसेन धर्मशाला में प्रवचन देते स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती।
भट्टू कलां। ज्योतिष मठ बद्रीनाथ से स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार दोपहर बाद भट्टू मंडी पहुंचे। यहां अग्रसेन धर्मशाला में धर्मसभा व पादुका पूजन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रवचन देते हुए स्वामीजी ने कहा कि जनता के वोटों से सरकार को चुना जाता है। उस सरकार में अगर गो हत्या होती है, तो गो माता की हत्या का दोष मतदाताओं को भी लगता है। इसलिए जनता को गो माता की हत्या के कलंक से बचाने का दायित्व हमारा है, क्योंकि हम एक धर्म गुरु हैं।
गो माता के लिए ही वे नंगे पाव जन जागरण यात्रा करते हुए घूम रहे हैं। जिस राजनीतिक पार्टी की तरफ से कहा जाएगा कि वो गो हत्या के खिलाफ हैं, गो माता की हत्या नहीं होने देंगे तो उस प्रत्याशियों को लोकसभा में समर्थन की अपील करेंगे। उन्होंने कहा कि दुनिया में धर्म तो सिर्फ एक ही है, वह सनातन धर्म है, बाकी सब भ्रम है। धर्म सिर्फ एक हो सकता है। कई धर्म हो ही नहीं सकते हैं। यह सिर्फ और सिर्फ झूठ व भ्रम फैलाया जा रहा है। इस भ्रम को पहले अपने दिमाग से निकाल दीजिए। यदि धर्म कहना है, तो सिर्फ सनातन धर्म कहिए। कई धर्म बताने वाले ही तो साजिश कर रहे हैं। इसलिए हमें इस बात के लिए स्पष्ट रहना होगा कि धर्म सिर्फ एक ही है। कई धर्म नहीं हैं। इस मौके पर अग्रवाल सभा के प्रधान ब्रह्मानंद गोयल, लक्ष्य गर्ग, शेरू मित्तल, राजकुमार सिंगला, सुनील सिंगला, मांगेराम, सतीश कुमार, सतपाल बंसल, अजय कुमार व सुभाष चंद्र सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।