हेल्थ इंस्पेक्टर ओमप्रकाश को शनिवार को बस अड्डा परिसर में रोडवेजकर्मियों के धूम्रपान करने पर चालान काटना महंगा पड़ गया। चालान काटने पर उनकी रोडवेज कर्मचारियों से अच्छी खासी बहस हो गई। कर्मचारियों का तर्क था कि विभाग की ओर से उन्हें अड्डा परिसर में विश्राम रूम दिए गए हैं, ऐसे में यहां रोडवेज कर्मचारियों के चालान काटना गलत है। कर्मचारियों ने तो यहां तक कहा कि कल को हेल्थ इंस्पेक्टर उनके खाने पीने पर भी चालान काट देंगे। इस दौरान सामने आया कि कुछ कर्मचारियों ने हेल्थ इंस्पेक्टर ओमप्रकाश से चालान काटने का अथॉरिटी पत्र भी मांग लिया। बात बढ़ती देख हेल्थ इंस्पेक्टर टीम के साथ मौके से रवाना हो गए।