ड्यूटी पर लापरवाही बरतने पर पुलिस विभाग ने डीएसपी दलजीत बैनीवाल के रीडर हेड कांस्टेबल संदीप के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच में दोषी मिलने पर विभागीय कार्रवाई हो सकती है। इससे पहले मामले में बस स्टैंड चौकी के एएसआई सुरेंद्र को सस्पेंड किया जा चुका है। पांच फरवरी को कोर्ट परिसर की दूसरी मंजिल से दुष्कर्म के आरोपी ने छलांग लगा दी थी। उपचार के दौरान अग्रोहा मेडिकल में आरोपी ने दम तोड़ दिया था। मामले में पुलिस विभाग ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। मामले के मुताबिक शहर थाना में नाबालिग छात्रा के लापता होने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। मामले में पुलिस ने चार फरवरी को आरोपी सुधीर नाम के युवक को पकड़ा था। पुलिस ने बाद में आरोपी के खिलाफ नाबालिग के साथ पोस्को और अनुसूचित जाति एक्ट के तहत धाराओं को जोड़ा था। आरोपी को पुलिस ने पांच फरवरी को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद जब फिंगर प्रिंट की कार्रवाई के लिए पुलिस लेकर जा रही थी तो आरोपी ने कोर्ट की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी थी। गंभीर रूप से घायल आरोपी सुधीर को नागरिक अस्पताल लाया गया था यहां से अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया था। यहां उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
मामले में ड्यूटी में लापरवाही पर एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा एक पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। - राजेश कुमार, एसपी।