सिंचाई विभाग को राशरा ट्रऊांसफर करने के लिए फाइल पर हस्ताक्षर करते नप प्रधान दर्शन नागपाल।
- फोटो : Fatehabad
शहर के चिल्ली क्षेत्र से गाद निकालने के लिए जल्द खुदाई शुरू हो जाएगी। वीरवार को नप प्रधान दर्शन नागपाल ने सिंचाई विभाग को जारी होने वाले डेढ़ करोड़ रुपये के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए है। मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद संज्ञान लेते हुए हस्तक्षेप किया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संज्ञान लेते हुए चिल्ली क्षेत्र के विकास कार्य को लेकर बुधवार रात को प्रधान दर्शन नागपाल से चर्चा की और काम जल्द शुरू करवाने के आदेश दिए। इसके बाद नप प्रधान ने वीरवार को कार्यालय में पहुंचकर डेढ़ करोड़ रुपये के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए। बताया जा रहा है कि सीएम चिल्ली झील के शिलान्यास को लेकर कार्यक्रम भी तैयार कर रहे है।
मामले के मुताबिक चिल्ली क्षेत्र पर झील बनाए जाने की योजना मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल है। चिल्ली झील के सुंदरीकरण को लेकर गाद निकालने के लिए खुदाई को लेकर सिंचाई विभाग ने टेंडर लगाया था। टेंडर जारी होने के बाद 1.52 करोड़ रुपये की राशि नप ने जारी करनी है लेकिन नगर परिषद प्रधान दर्शन नागपाल चेक पर हस्ताक्षर नहीं कर रहे थे। राशि ट्रांसफर न होने के कारण सिंचाई विभाग एजेंसी के साथ अनुबंध नहीं कर पा रहा था। अब राशि सिंचाई विभाग के पास ट्रांसफर होने के बाद उम्मीद है कि खुदाई का काम जल्द शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री के साथ बुधवार रात को करीब आठ मिनट तक बात हुई है। चिल्ली झील के विकास को लेकर भी चर्चा की गई। मैंने डेढ़ करोड़ के चेक पर हस्ताक्षर कर दिए है। उम्मीद है सीएम खुद इसका शिलान्यास कर सकते हैं। - दर्शन नागपाल, प्रधान नगर परिषद।