फतेहाबाद। देशद्रोह के आरोपी मुश्ताक अहमद के वकील विनय शर्मा को सोशल मीडिया पर ट्राेल करने व उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने के मामले में पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू दी है। शुक्रवार को इस मामले में साइबर क्राइम थाने में तीनों लोगों को बुलाया गया, जिनके खिलाफ एडवोकेट विनय शर्मा ने आरोप लगाए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में विनय ने पांच लोगों के खिलाफ नाम सहित शिकायत दी है। दो लोगों की पहचान फिलहाल पुलिस नहीं कर पाई। जिन तीन लोगों की पहचान की गई है उनके बयान दर्ज किए गए है। पुलिस ने इस मामले में धनंजय अग्रवाल, ललित जग्गा व लायक राम के बयान दर्ज किए हैं। विनय ने भी इस मामले में अपने बयान भी दर्ज करवा दिए हैं। इस मामले में पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद कानूनी राय लेकर आगामी कार्रवाई करेगी।
-
एसपी से मिला था प्रतिनिधिमंडल
इस मामले में वीरवार को वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी सिद्धार्थ जैन से मिला था। वकीलों ने उन्हें इस मामले में जल्द कार्रवाई करने की अपील की थी। इसके बाद एसपी सिद्धार्थ जैन ने इस मामले में दो दिनों में रिपोर्ट मांगी है। साइबर क्राइम थाना प्रभारी सतीश ने बताया कि एडवोकेट विनय शर्मा ने जिन लोगों पर आरोप लगाए हैं उनसे पूछताछ की जा रही है, मामले में जांच जारी है।
-
कांग्रेस-बीजेपी में बंटता नजर आ रहा है मामला
मुश्ताक अहमद के केस लेने के बाद विनय शर्मा को कांग्रेस से पार्टी से जुड़ा हुआ बताकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी। बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने यह टिप्प्णी की है, वह सभी बीजेपी से जुड़े हुए हैं। सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी में एक शख्स ने तो वकीलों की ड्रैस पर अभद्र टिप्पणी की है। जिसके बाद से वकीलों में काफी रोष है।