एसआईआर की बैठक की अध्यक्षता करते जिला उपायुक्त डॉ विवके भारती। सूचना विभाग।
टोहाना। लघु सचिवालय में वीरवार को डीसी डॉ. विवेक भारती ने जिले में चल रही पावर ग्रिड परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं से जुड़ी प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में नियमानुसार पूरी करने और संबंधित विभागों, एजेंसियों व किसानों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में पावर ग्रिड अधिकारियों ने बताया कि सिवानी-पातड़ा 400 केवी परियोजना के तहत टोहाना और भूना क्षेत्र के 11 गांवों में 87 लोकेशन शामिल हैं। परियोजना को लेकर पारता, लोहाखेड़ा, पिरथला और बिढाई खेड़ा के किसानों के साथ बैठक कर आगामी प्रक्रिया पर चर्चा की गई। डीसी ने मार्केट रेट कमेटी की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने और अपना वैल्यूअर नियुक्त करने की अपील की ताकि भूमि, फसल व अन्य पहलुओं के मूल्यांकन में पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को किसानों से निरंतर संवाद रखने और उनकी शंकाओं व समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही पावर ग्रिड अधिकारियों से किसानों को परियोजना के नक्शे, लोकेशन और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाने को कहा। डीसी ने कहा कि परियोजना के क्रियान्वयन में किसानों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बैठक में एसडीएम आकाश शर्मा, बीडीपीओ बलजीत सिंह, नायब तहसीलदार रशवेंद्र सिंह सहित पावर ग्रिड और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।