फतेहाबाद। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक को सं
फतेहाबाद। जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रपत्र वितरण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि प्रत्येक मतदाता को गणना फॉर्म भरने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में प्रपत्र वितरण कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है लेकिन लक्ष्य शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना है। बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाता विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में कार्य की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 14 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान फतेहाबाद, टोहाना और रतिया विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित कर रहे हैं। यह फॉर्म मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया का जरूरी हिस्सा है।
उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों को निर्वाचन सेवाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विकसित ईसीआईनेट एप के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके माध्यम से नागरिक ई-ईपीआईसी डाउनलोड कर सकते हैं, मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा अन्य निर्वाचन सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकते हैं।
बैठक में टोहाना एसडीएम आकाश शर्मा, फतेहाबाद एसडीएम राजेश कुमार, रतिया एसडीएम सुरेन्द्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, डीआरओ श्यामलाल, चुनाव नायब तहसीलदार राजकुमार तथा संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी उपस्थित रहे।