रतिया ठेकेदार को निर्देश देते हुए एसडीएम सुरेंद्र सिंह ,स्त्रोत पीआरओ
रतिया। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने सोमवार को रतिया में सरदूलगढ़ रोड़ कैंची के पास चल रहे नाले के निर्माण कार्य की सामग्री का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण सामग्री में कमी पाई जाने और ईंटों की क्वालिटी घटिया होने के कारण एसडीएम ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही ईंटों की सैंपलिंग कर उसकी रिपोर्ट मंगवाने के भी निर्देश दिए। एसडीएम के निर्देशों के बाद लोक निर्माण विभाग के उपमंडल अधिकारी और कनिष्ठ अभियंता मौके पर पहुंचे और ईंटों की सैंपलिंग करवाई। साथ ही जो घटिया स्तर की ईंटें लगाई जा रही थी उसे भी मौके से उठवा दिया।
एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बारिश के पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण किया जा रहा है, इसके लिए लोगों की शिकायत मिलने पर निर्माण सामग्री की जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण किया है।
एसडीएम ने बताया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की घटिया सामग्री का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर निर्माण में घटिया सामग्री लगाई जाती है तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।