फतेहाबाद के मोबाइल मार्केट में पुशअप लगाते हुए संदीप संवाद
फतेहाबाद। इरादे मजबूत हों तो एक खिलाड़ी का प्रयास भी समाज में बदलाव की अलख जगा सकता है। अंतरराष्ट्रीय गोल्ड मेडलिस्ट संदीप बिश्नोई ने रविवार सुबह मोबाइल फोन मार्केट में 10 घंटे तक लगातार सपाटे (पुशअप) लगाने की मुहिम शुरू की।
उनका यह प्रयास युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और व्यायाम अपनाने की प्रेरणा दे रहा है। संदीप का कहना है कि जिले में नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं के भविष्य के लिए चिंता का विषय है। ऐसे में उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से उन्होंने 10 घंटे तक बिना रुके सपाटे लगाने का संकल्प लिया है।
संदीप का कहना है कि युवा अपनी ऊर्जा खेलों और शारीरिक गतिविधियों में लगाएंगे तो न केवल उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा बल्कि वे नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रह सकेंगे। संदीप के लिए यह पहली ऐसी पहल नहीं है। इससे पहले अगस्त में रतिया में भी उन्होंने सपाटे लगाकर युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक किया था।
अब फतेहाबाद में उनकी यह मुहिम युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के साथ समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दे रही है। उनका प्रयास है कि युवा खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।