लघु सचिवालय के एक टाइपिस्ट से पुलिस के वेश में आए बदमाशों ने तीन लाख रुपये की राशि ठग ली। पीड़ित तीन दिन से फतेहाबाद और भूना थाना पुलिस के चक्कर लगा रहा है। इसके बावजूद उसकी शिकायत पर मामला दर्ज नहीं किया जा रहा। यह हालात उस वक्त हैं, जबकि वारदात को पुलिस की वर्दी पहनकर अंजाम दिया गया है।
गांव धागंड निवासी मंगल पुत्र रामकुमार ने बताया कि उसे भूना के खैरी रोड पर दस मरला प्लॉट खरीदना था। इस प्लॉट का सौदा शकरपुरा निवासी नंदलाल ने कराया था। दस जून को प्लॉट मालिक मुख्तयार सिंह से मिलने के बाद तहसील कार्यालय में प्लॉट का पंजीकरण कराने के लिए निकल पड़े। रास्ते में एक इनोवा गाड़ी आकर रुकी, जिस पर नीली बत्ती लगी थी। गाड़ी का रंग हल्का हरा था।
उसे चार से पांच व्यक्ति पुलिस की वर्दी में बैठे थे। गाड़ी के ड्राइवर ने पास बुलाया तो पुलिस वर्दी धारी नीचे उतरे और तीनों को घेर कर नंदलाल के साथी सुनील का बैग छीन लिया। उसमें एक पिस्तौल और बीस हजार रुपये थे। कथित पुलिस कर्मियों ने कहा कि तुम वांछित अपराधी हो, जिसकी पुलिस को कई दिनों से तलाश थी। पीड़ित मंगल का आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया गया।
गाड़ी में बैठते ही उसका बैग भी छीन लिया, जिसमें तीन लाख रुपये थे। उसे धमकी दी गई कि सुनील और नंद लाल का थाने में ले जाकर रिमांड लेंगे। आप बताओ कि ये पैसा प्यारा है या जेल जाना है। मंगल ने कहा कि वह बुरी तरह से डर गया था। इसके बाद इन लोगों ने उसे नीचे उतार दिया। मंगल ने बताया कि स्वयंभू प्लाट धारक मुख्तयार सिंह नामक व्यक्ति के मोबाइल से फोन आया कि सुनील और नंद लाल को पुलिस का सीआईए स्टाफ रोहतक ले गई है। तुम अपना मोबाइल बंद रखना नहीं तो तुम भी फंस जाओगे।
दो दिन बाद खुला राज
मंगल ने बताया कि दो बाद जब नंदलाल के घर गया तो पता चला कि वह दस जून को पंजाब में धान की पौध लगाने गया है। यह सुनते ही मंगल का माथा ठनका। मंगल का कहना है कि जब पुलिस ने नंदलाल को गिरफ्तार किया तो वह उसी दिन पंजाब कैसे जा सकता है।
जब उसने पड़ोसियों से बात की तो नंदलाल की भूमिका संदिग्ध आई। मंगल ने आरोप लगाया कि नंदलाल ठगी और चोरी के कई मामलों में शामिल रहा है। उसे शक है कि नंदलाल ने मुख्तयार सिंह, सुनील कुमार और राजेश कुमार के साथ मिलकर यह सारी साजिश उसे लूटने के लिए रची थी।
पुलिस नहीं कर रही मामला दर्ज
मंगल को जब पूरा मामला समझ आया तो उसने इसकी शिकायत 13 जून को सदर थाना फतेहाबाद में दी। वहां से घटना भूना क्षेत्र की होने का हवाला देकर फतेहाबाद की पुलिस ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। उसे कहा कि यह मामला भूना थाने में दर्ज होगा। इसके बाद उसने 13 जून की शाम को थाना भूना में शिकायत दी, लेकिन शिकायत देरी से देने की बात कहकर जांच से इनकार कर दिया।
क्या कहते है डीएसपी -
डीएसपी हेडक्वार्टर फतेहाबाद विजय कुमार ने बताया कि मंगल के साथ पुलिस वर्दी में लूटपाट का मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। मामला गंभीर है और पुलिस को इसमें तत्परता से कार्रवाई करनी चाहिए। मामले को लेकर संबंधित थाने से जानकारी लेकर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। उधर, थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने भी मंगल की शिकायत से अनभिज्ञता जाहिर की है।