फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Fatehabad
जिले में कोरोना संक्रमण के एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय होने लगा है। शनिवार को कोरोना संक्रमित रतिया निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हुई है। महिला फतेहाबाद के निजी अस्पताल में दाखिल थी। यहां शनिवार दोपहर को उपचार के दौरान मौत हो गई। मार्च माह में ये तीसरी मौत है। इसके अलावा जिले में 11 नए मरीज मिले है। इसमें सरकारी स्कूल की छात्रा व गांव किरढ़ान का दंपत्ति भी शामिल है।
बता दें कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की सैंपलिंग बढ़ा दी है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने फतेहाबाद के लालबत्ती चौक पर बिना मास्क घूम रहे लोगों के कोरोना सैंपल लिए। जिले में दो माह बाद रिकॉर्ड तोड़ एक दिन में 1015 सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक टोहाना के आजाद नगर निवासी 15 वर्षीय किशोर, टोहाना के गांधी विहार निवासी 34 वर्षीय युवक, रतिया निवासी युवती, टोहाना निवासी युवक, अलालवास में सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा, गांव हसंगा निवासी युवती, गांव किरढ़ान निवासी 15 वर्षीय किशोर, गांव किरढ़ान निवासी दंपति तथा युवक संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा 6 मरीज ठीक हुए हैं। जिले में अब 72 मरीज सक्रिय हैं। सबसे अधिक टोहाना क्षेत्र में 19 मरीज सक्रिय है।
जिले में कोरोना की स्थिति
सैंपल लिए गए अभी तक 133582
संक्रमित मिले मरीज 4837
निगेटिव मिले 127282
ठीक हुए संक्रमित मरीज 4643
संक्रमित मरीजों की हुई मौत 122
कोट
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे है, ऐसे में पहले से ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। बुजुर्गों और बच्चों को भीड़भाड़ क्षेत्र में न भेजे। इसके अलावा सभी मास्क का प्रयोग जरूर करें।
- डॉ. विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी।