गांव रामसरा के स्कूल में जेबीटी जितेंद्र की हत्या मामले में 19 दिन बाद पुलिस के हाथ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घटनाक्रम में शामिल एक आरोपी को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान जिला हिसार के आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली कलां निवासी विनोद के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी विनोद ने हमलावरों को पिस्तौल उपलब्ध करवाए थे। विनोद की गिरफ्तारी से मामले का जल्द खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 720 रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी विनोद से पूछताछ के बाद पुलिस अब जल्द हमलावरों को पकड़ सकती है। शनिवार को पुलिस टीमों ने हमलावरों के ठिकानों पर दबिश भी दी है। बताया जा रहा है कि शराब ठेके के कारोबार को लेकर रंजिश के चलते शिक्षक की हत्या की गई थी। हालांकि, अभी तक मामले में पुलिस ने कोई खुलासा नहीं किया है। हमला करने वाले आरोपियों के पकड़े जाने के बाद मामले में पुलिस जल्द खुलासा कर सकती है।
यह था मामला :
मामले के मुताबिक गांव रामसरा में एक मार्च को राजकीय प्राथमिक पाठशाला में तैनात गांव दड़ोली निवासी जेबीटी जितेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जितेंद्र छुट्टी के बाद गाड़ी में सवार होकर स्कूल से निकल रहा था, इस दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने फायरिंग कर दी थी। जितेंद्र जान बचाने के लिए कार्यालय में घुसा तो पीछा कर बदमाशों ने गोली मारी थी। मामले में मृतक जितेंद्र के चचेरे भाई स्टालिन की शिकायत पर अज्ञात हत्यारों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ था।
कोट
शिक्षक जितेंद्र की हत्या मामले में विनोद को पकड़ा है। आरोपी हत्या करने के मामले में शामिल था। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने पिस्तौल उपलब्ध करवाया था। जल्द ही हमला करने वाले अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस टीम जुटी हुई है।
- राजेश कुमार, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।