फतेहाबाद। प्रदेश के पहले तीन मंजिला नए बस स्टैंड पर सरकारी कार्यालयों की शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। अब तक जिला उद्योग केंद्र, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और फर्म एवं समितियां रजिस्ट्रार कार्यालय शिफ्ट हो गए हैं। इससे रोडवेज विभाग को सालाना 6,62,000 रुपये की आमदनी होगी।
गौरतलब है कि साल 2022 में हिसार रोड पर नए बस स्टैंड का उद्घाटन हुआ था। इस बस स्टैंड पर ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन मंजिल बनाई गई हैं। ग्राउंड फ्लोर और पहला फ्लोर रोडवेज विभाग ने अपने पास रखा हुआ है। ग्राउंड फ्लोर पर बूथ बने हुए हैं जबकि पहले फ्लोर पर महाप्रबंधक, यातायात प्रबंधक, सेक्शन ऑफिसर, अकाउंट्स ऑफिसर सहित अधिकारियों के कार्यालय बने हुए हैं। बाकी दोनों मंजिल को किराये पर देने के लिए रखा हुआ था।
कृषि विभाग के कार्यालय में भी हो सकते हैं शिफ्ट
वहीं, कृषि विभाग के एसडीओ व सहायक कृषि अभियंता का कार्यालय भी यहां पर शिफ्ट होने की प्रक्रिया चल रही है। इन दोनों कार्यालयों के अधिकारियों द्वारा भी किराये का एस्टीमेट बनाकर भेजा जा चुका है। रोडवेज विभाग कृषि विभाग के एसडीओ कार्यालय से प्रति महीने के 17081 रुपये किराये के रूप में वहन करना चाह रहा है। कृषि विभाग के सहायक कृषि अभियंता कार्यालय के लिए 19043 रुपये किराया तय किया गया है। कृषि विभाग का एसडीओ कार्यालय काफी पुराना हो चुका है। यह कार्यालय पुरानी कचहरी रोड पर चल रहा है। कृषि विभाग के सहायक कृषि अभियंता का कार्यालय अनाज मंडी के पास चल रहा है। उनका कार्यालय भी काफी छोटा है। ऐसे में नए बस स्टैंड के भवन में शिफ्ट होने इन कार्यालयों के अधिकारियों व यहां आने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।
इस विभाग से लिया जा रहा इतना किराया
- जिला उद्योग केंद्र : 19926 रुपये मासिक
- प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड : 18845 रुपये मासिक
- रजिस्ट्रार कार्यालय : 16402 रुपये मासिक
कोट
नए बस स्टैंड का भवन तीन मंजिला है। तीसरी मंजिल पर तीन विभागों के कार्यालय शुरू हो चुके हैं। कृषि विभाग के कार्यालय भी जल्द आ सकते हैं। किराये के लिए उनको एस्टीमेट बनाकर भेजा हुआ है।
- विजय दलाल, महाप्रबंधक, फतेहाबाद डिपो