फतेहाबाद। जिला मुख्यालय को कई गांवों और शहरों से जोड़ने वाले रतिया चुंगी पर जनसुविधाओं का अभाव लगातार बन हुआ है। यहां शौचालय का निर्माण कार्य पिछले तीन साल से अधर में लटका है।
बताया जा रहा है कि सार्वजनिक शौचालय पहले जर्जर होने के कारण प्रशासन ने इसे तीन साल पहले बंद कर ताला लगा दिया था। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की मांग पर इसे तोड़कर नया शौचालय बनाने की योजना तैयार की गई थी लेकिन ठेकेदार की कार्यप्रणाली में ढील और प्रशासन की अनदेखी के कारण निर्माण कार्य आज तक पूरा नहीं हो सका।
इस स्थिति से न केवल दुकानदार, बल्कि बस का इंतजार करने वाले यात्री और राहगीर भी परेशान हैं। लोगों के अनुसार अधूरा शौचालय उनकी उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि शौचालय का निर्माण समय पर पूरा किया जाए तो क्षेत्र की स्वच्छता और जनसुविधाओं में सुधार संभव है।
बीच में छोड़ा काम
दुकानदार भूपेंद्र, राणा सिंह, मनिंद्र, राकेश कुमार, सौरभ आदि का कहना है कि ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू तो किया लेकिन उसे पूरा न कर अधूरा ही छोड़ दिया। काम बंद होने के कारण अब अधूरा ढांचा भी धीरे-धीरे खराब हो रहा है। वहीं रात के समय इस खाली पड़ी जगह में असामाजिक तत्व शराब पीते हैं। शौचालय की सुविधा न होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी महिला राहगीरों और दुकानदारों को उठानी पड़ रही है। मजबूरन लोगों को खुले में जाना पड़ता है।
-
कई साल पहले इस शौचालय पर ताला लगा था। बाद में इसको तोड़ने का काम शुरू हुआ। ठेकेदार ने काम शुरू किया पर अब वह काम को बीच में छोड़कर चला गया है। अधिकारी मौन साधे हुए हैं।
- सौरभ कुमार, स्थानीय दुकानदार।
-
शौचालय के न होने से दुकानदारों और ग्राहकों को काफी परेशानी होती है। जिस कारण उन्हें हाईवे के साथ खाली पड़ी जगह पर लघुशंका के लिए जाना पड़ता है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
- मनिंद्र, स्थानीय दुकानदार।
-
मामला संज्ञान में आया है, जांच कर कार्रवाई करवाई जाएगी। अगर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है तो इसे जल्द करवाया जाएगा।
- राकेश पूनियां, एक्सईन, नगर परिषद फतेहाबाद।