फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में कोरोना सैंपल लेते चिकित्सक।
- फोटो : Fatehabad
कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। पिछले साल के सितंबर और नवंबर जैसे हालात इस साल अप्रैल माह में ही हो रहे हैं। बुधवार को जिले में कोरोना संक्रमित 31 मरीज मिले हैं, इनमें रतिया के सरकारी स्कूल की 9 और फतेहाबाद राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की 5 छात्राएं भी हैं। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा 5330 तक पहुंच गया है। बुधवार को जिले से 13 मरीज ठीक हुए है। फिलहाल सक्रिय मरीज 242 हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 157 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। आरटीपीसीआर की 77 रिपोर्ट में 24 तथा एंटीजन रिपोर्ट में 7 कोरोना संक्रमित मिले हैं। 1299 सैंपलों की रिपोर्ट वीरवार तक आने की उम्मीद है। फतेहाबाद के डीसी कॉलोनी निवासी युवक, टोहाना के निजी स्कूल का शिक्षक, भूना के सांचला रोड निवासी युवती, भूना में सीएचसी के नजदीक निवासी युवक, गोरखपुर प्लांट निवासी युवक, गांव नांढोडी निवासी युवक, रतिया के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की 9 छात्राएं और अजीत नगर निवासी बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिला है। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग फतेहाबाद की टीम ने बुधवार को फतेहाबाद के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 69 छात्राओं के एंटीजन सैंपल लिए गए थे। जिसमें 5 छात्राएं संक्रमित मिली थीं। संक्रमित छात्राओं को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
476 लोगों ने लगवाया कोरोना से बचाव का टीका
जिले में बुधवार को 20 सेंटरों पर कोरोना टीकाकरण अभियान चलाया गया। विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 476 लोगों ने टीका लगवाया है। 228 बुजुर्गों ने वैक्सीन की पहली और 31 ने दूसरी डोज लगवाई। 45 से 60 साल के 176 लोगों ने वैक्सीन की पहली और 4 ने दूसरी डोज लगवाई। 33 स्वास्थ्य कर्मियों ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई है। 4 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने वैक्सीन लगवाई है।