रतिया। गांव लांबा में शनिवार तड़के 3 बजे पशु व्यापारी विनोद (42) की रुपयों के लेनदेन के विवाद के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप पड़ोसी सुखदेव व उसके दो अन्य सहयोगियों पर लगा है।
वहीं हत्या की सूचना मिलने पर सदर प्रभारी राजवीर सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक की पत्नी कालो बाई की शिकायत पर उसके पड़ोसी सुखदेव और उसके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सुखदेव को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक विनोद पशुओं का व्यापार करता था और उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा विवाहित है, जबकि छोटा अविवाहित है। पैसों के लेनदेन की रंजिश को हत्या का कारण बताया जा रहा है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक विनोद की पत्नी कालो बाई ने बताया कि शुक्रवार देर रात पड़ोसी सुखदेव सिंह अपने दो साथियों के साथ नशे में की हालत में उनके घर में घुस आया। परिवार के सदस्य सोए हुए थे।
शोर सुनकर वह उठ गई और आरोपी सुखदेव सिंह ने आते ही सो रहे पति को उठाया और मुंह के ऊपर चाकू से वार किया। पति ने विरोध किया तो सुखदेव सिंह ने उसका मुंह दबा दिया और हाथापाई की। इसके बाद विनोद के गले पर वार करते हुए उसकी हत्या कर दी। कालो बाई ने बताया कि वह अपने पति को बचाने के लिए बीच में आई तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया।
वहीं घायल अवस्था में विनोद को लेकर घर वाले नागरिक अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि मृतक विनोद का छोटा बेटा किसी मामले में बाल सुधार गृह में बंद है। उसके आने के बाद ही शव के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
-
रिश्ते में मामा-बुआ के बेटे लगते हैं विनोद और सुखदेव
गांव लांबा में विनोद की हत्या के आरोपी सुखदेव व मृतक विनोद रिश्तेदार हैं। ग्रामीण और सरपंच गुरदेव सिंह ने बताया कि दोनों मामा-बुआ के बेटे हैं। सुखदेव सिंह पंजाब के मानसा एरिया के किसी गांव में मीट की दुकान चलाता है। उसके 2 बेटे व एक बेटी है। वह करीब डेढ़ साल से गांव से बाहर ही रह रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे गांव में रह रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विनोद कुमार के 2 बेटे हैं। बड़ा बेटा विवाहित है, जबकि छोटा अविवाहित है। पहले उन्होंने कभी विनोद और सुखदेव में झगड़े की बात नहीं सुनी। 6 महीने पहले ही विनोद कुमार के बड़े बेटे कर्ण की शादी थी। उस समय हलवाई सुखदेव के घर ही बैठे थे, वहीं पर मिठाइयां बनी थीं। लेकिन ये सब अचानक से हत्याकांड में कैसे बदल गया इसको लेकर ग्रामीण भी हैरत में हैं।
-
हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
सदर प्रभारी राजबीर सिंह ने बताया कि गांव लांबा में हुए हत्या के मामले में मृतक की पत्नी कालो देवी की शिकायत पर आरोपी सुखदेव व दो अन्य के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मुख्य आरोपी सुखदेव सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।