फतेहाबाद। जिले में लगातार वाहनों की बढ़ाेतरी के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन भी बढ़ने लगा है। इससे सड़क हादसों में भी इजाफा हो रहा है। इस साल जनवरी महीने से लेकर सितंबर माह के अंत तक मात्र नौ महीने में ही जिले में 140 सड़क हादसे हो चुके हैं। इन सड़क हादसों में 63 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके अलावा 116 लोग घायल हो चुके हैं, जिनमें से काफी लोग दिव्यांग हो चुके हैं।
नियमों का नहीं हो रहा पालन
यातायात प्राधिकरण के द्वारा यातायात जागरूकता अभियान चलाकर स्कूल, कॉलेज और चालकों को सड़क हादसे से बचने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाता है। जिसमें यातायात नियमों को लेकर परीक्षा का भी आयोजन किया जाता है। जिसके तहत वाहन लोगो को बिना हेलमेट, दो पहिया वाहन पर दो सवारी, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने के लिए जागरूक किया जाता है। इसके बावजूद भी लोग यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
जिस पर पुलिस कार्यवाही करते हुए अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के चालान भी काटे जाते हैं। लेकिन फिर भी दो सवारियों की बाइक पर तीन से चार सवारियां चल रहीं हैं, वह भी बिना हेलमेट के, जिससे जान का खतरा बढ़ रहा है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकीं हैं और जान भी जा चुकी है, लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार ही नहीं हैं। दुपहिया वाहन पर दो से अधिक सवारी लेकर चलने पर चालान किया जा रहा है, लेकिन नियमों के उल्लंघन करने को युवा अपनी शान समझते हैं। जिसका खामियाजा कई बार दुर्घटना के रूप में उन्हें भुगतना पड़ रहा है।
ऐसे में प्रशासन की भी लापरवाही रही है। जिसके चलते जिले की सड़कों पर कहीं संकेतक गायब है तो कहीं तो सफेद पट्टियां गायब है। जिससे भी हादसे होने की संभावना बढ़ती है। लेकिन फिर भी प्रशासन के द्वारा काेई सुध नहीं ली जा रही है।
यातायात नियमों का उल्लंघन का करने वाले वाहन चालकों पर कार्यवाही जारी है। जिसके चलते जिले में पिछले डेढ़ साल में 6 करोड़ से अधिक का जुर्माना लगाया जा चुका है। वहीं लोगो को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया रहा है।
-गजेंद्र कुमार एसडीओ, लोक निर्माण विभाग फतेहाबाद।