एक ओर तो किसान खाद को लेकर मारामारी कर रहे हैं और रोज सड़कों पर जाम लगा रहे हैं और वहीं जमाखोरों ने अपने गोदामों में सैकड़ों बैग खाद के स्टॉक कर रखे है।
खैराती रोड पर डीएवी स्कूल के पीछे बने गोदाम पर किसानों को शक हुआ और उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ खैराती रोड पर स्थित गोदाम में छापा मारा तो गोदाम से 118 बैग यूरिया खाद के मिले। जिसके बाद पुलिस ने बिल ने होने पर गोदाम को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव मुस्सेअहली के किसान सुरजीत, दरबारा सिंह, रोहताश व किसान सैल के प्रधान गुरजीत सिंह ने मंगलवार रात्रि खैरातीरोड पर बने गोदाम से खाद के कट्टों से लदी गाड़ी निकलती देख बुधवार सुबह कृषि विभाग के अधिकारियों को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कृषि विभाग के एपीओ मुकेश महला, क्वालिटी इंस्पेक्टर इंद्रसिंह तथा जयगोपाल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके पर गोदाम के मालिक बजरंग लाल को बुलाया। जिसके बाद बजरंग लाल ने गोदाम अरोड़ा ट्रेडिंग कंपनी के सतपाल अरोड़ा को किराए पर देने की बात कही।
जिसके बाद सूचना मिलने पर स्टॉक मालिक सतपाल अरोड़ा मौके पर पहुंच गए और उन्होंने खाद किसान राजीव बत्रा की होनी बताई। जिसके बाद कृषि अधिकारी ने शहर थाना प्रभारी जुगल किशोर को मौके पर बुलाकर गोदाम खुलवाया तो गोदाम से 118 बैग खाद का स्टॉक मिला।
सतपाल अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि उनके पास यूरिया खाद की डीलरशिप है और 26 नवंबर को किसान राजीव बत्रा ने 150 कट्टे लिए थे और उन्होंने कुछ कट्टे तो उठा लिए थे लेकिन बाकी कट्टे उन्हीं के पड़े है। इस पर एसएचओ जुगलकिशोर ने सतपाल से बिल मांगे तो स्टॉक मालिक बिल नहीं दिखा पाया। जिसके बाद पुलिस ने गोदाम को सील करवा दिया।
कार्रवाई के लिए पुलिस को लिखज्ञ
सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि खैराती रोड पर अवैध गोदाम में यूरिया का स्टॉक किया हुआ था। जिस पर पुलिस की मौजूदगी में सील कर दिया गया है और कार्रवाई के लिए बस स्टैंड चौकी में शिकायत दे दी गई है और पुलिस जांच में जो सामने आएगा कार्रवाई की जाएगी।
कई गोदामों में हो सकता है स्टॉक
शहर के कई व्यापारियों को इस बात की पहले खबर थी कि आने वाले समय में खाद की किल्लत होगी। जिसको लेकर कई व्यापारियों ने खाद का स्टॉक कर रखा है जो अब किसानों को भारी रेटों में बेच रहे है और मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।