टोहाना। अग्रवाल कॉलोनी निवासी एक महिला से 30,100 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जिसके बाद महिला के पति ने शिकायत शहर पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अग्रवाल कॉलोनी निवासी भूषण ने बताया कि 19 दिसंबर 2024 को दोपहर करीब सवा 12 बजे उसकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई। जिसमें कहा कि तुम्हारे लिए कोरियर भेजा गया है, जिसकी कीमत 12,100 रुपये है वो भेज दीजिए। इस पर उसकी पत्नी ने आरोपी के बताए नंबर पर 12,100 रुपये भेज दिए।
भूषण के अनुसार कुछ समय बाद उसकी पत्नी के पास आरोपी का फिर से फोन आया कि कोरियर के अंदर गैरकानूनी सामान है, 30,000 रुपये भेज दो वरना तुम्हारे खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस डर से उसकी पत्नी ने 18,000 रुपये आरोपी के बताए नंबर पर यूपीए से भेज दिए।
उसने बताया कि आरोपी यही नहीं रुके उसके बाद फिर 25,000 रुपये डालने के लिए दबाव बनाया व धमकी दी। भूषण कुमार ने कहा कि इस तरह से साइबर ठगों ने उसकी पत्नी से 30100 रुपये ठग लिए।