फतेहाबाद। आईआईएम रोहतक से एमबीए और पीएचडी के विद्यार्थियों ने नगर परिषद के कामकाज के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा शहर के सार्वजनिक पार्कों और प्राचीन धरोहर का भी दौरा किया।
इससे पहले नगर परिषद के ईओ सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता अमित कौशिक व स्वच्छ भारत मिशन के सिटी टीम लीडर कुमार सौरभ ने कामकाज के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने गांव मताना का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने गांव में पंचायत द्वारा करवाए जा रहे विकास कार्यों से जुड़ा सर्वे किया। वहीं सरपंच दलबीर वर्मा एडवोकेट से मिलकर गांव के विकास को लेकर उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
सरपंच दलबीर वर्मा ने गांव में पहुंचे आईआईएम के विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने सरपंच व मनरेगा अधिकारियों से रिसर्च से जुड़े सवाल भी पूछे। सर्वे के लिए पहुंची आईआईएम विद्यार्थियों की टीम को सरपंच दलबीर सिंह वर्मा ने बताया कि ग्राम पंचायत मताना द्वारा प्रदेश सरकार के सहयोग से गांव के विकास को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया है।
भ्रमण के दौरान आईआईएम रोहतक के विद्यार्थियों ने मनरेगा के श्रमिकों से मुलाकात कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का सर्वे किया वहीं ग्रामीणों से भी विकास कार्यों को लेकर उनकी राय जानी। विद्यार्थियों के साथ आईआईएम रोहतक से प्रोफेसर अभिषेक वर्मा, कॉर्डिनेटर सिमरन नागरा, एमईएसएमई ऑफिसर रमेश कुमार, विकास बिश्नोई, एबीपीओ सौरभ, मनरेगा जेई रमेश, पंचायत सचिव सुनीला, मनरेगा मेट अनिल वर्मा, राधेश्याम डागर, राजकौर तानान भी मौजूद रहे।
विद्यार्थियों ने उपायुक्त मनदीप कौर से की मुलाकात
ग्रामीण जुड़ाव कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने उपायुक्त मनदीप कौर से लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। उपायुक्त ने विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि आईआईएम रोहतक ने छात्रों को ग्रामीण क्षेत्रों की जटिलताओं के बारे में जागरूक करने और उन्हें सरकारी पहलुओं से अवगत कराने के उद्देश्य से स्नातकोत्तर कार्यक्रम के प्रथम वर्ष के पाठ्यक्रम में ग्रामीण जुड़ाव कार्यक्रम शुरू किया है। बता दें कि जिले में 22 नवंबर तक आईआईएम रोहतक के विद्यार्थियों का दल स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और स्वच्छता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में मूल्यांकन के उद्देश्य से दौरे पर है।