दिल्ली डिपो की बस के जरिये फतेहाबाद से दिल्ली जाने के लिए बस में वही लोग सवार हो सकेंगे जिनके पास दिल्ली से आगे कहीं जाने के लिए रेलवे टिकट होगा अन्यथा उन्हें दिल्ली जाने वाली बस में सवार नहीं होने दिया जाएगा। एकाएक आए इस निर्देश के चलते बुधवार को फतेहाबाद आई दिल्ली डिपो की बस की वापिसी के दौरान 29 में से 28 सवारियों को चढ़ने ही नहीं दिया गया और महज एक सवारी को लेकर दिल्ली डिपो की बस फतेहाबाद से दिल्ली के लिए रवाना हुई। हरियाणा रोडवेज के दिल्ली डिपो की ताजा शर्त से दिल्ली के मूल निवासियों को परेशानी आनी तय है। जिलेभर में अभी भी अनेक ऐसे लोग हैं जो दिल्ली के रहने वाले हैं और रोडवेज बस शुरू होने से राहत महसूस कर रहे थे। लेकिन दिल्ली डिपो के नए आदेश से उनके लिए भी मुश्किल खड़ी हो गई है।
दूसरी ओर जिला प्रशासन द्वारा ऐलान की गई सिरसा-हिसार के लिए रोडवेज बस सेवा को लेकर भी अधिकारी कुछ खास गंभीर नजर नहीं आ रहे। बुधवार को भी हिसार-सिरसा के लिए रोडवेज बस शुरू नहीं की जा सकी। दो दिन पहले तक उच्च अधिकारियों के आदेशों की इंतजार का बहाना लगाने वाले जीएम रोडवेज अब इस मामले में कोरोना संक्रमण बढने की आशंका को कारण बता रहे हैं।
दिल्ली में ना हो भीड़भाड़ इसलिए आगे की रेल टिकट वाले सवारियों को चढ़ाने के निर्देश
बस स्टैंड इंचार्ज जसवंत सिंह ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों की तरफ से ई मेल पर निर्देश मिले हैं कि सिर्फ उन्हीं लोगों को दिल्ली भेजा जाए, जिनके पास आगे अपने गंतव्य तक जाने के लिए रेलवे की टिकट हो। क्योंकि अधिकतर प्रवासी लोग ही दिल्ली के लिए जा रहे हैं, आम लोग अभी दिल्ली जाने से कतरा रहे हैं। प्रवासी लोग यहां से दिल्ली जाते हैं, मगर आगे की टिकट न होने पर उन्हें दिल्ली में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
15 सवारियां लेकर पहुंची थी दिल्ली डिपो की बस, एक सवारी लेकर गई
बुधवार दोपहर को हरियाणा रोडवेज की दिल्ली डिपो की बस 15 सवारियां लेकर फतेहाबाद पहुंची। इन सवारियों की स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा स्क्रीनिंग की गई और उनकी डिटेल नोट की गई। इस दौरान फतेहाबाद से कुल 29 सवारियों ने फतेहाबाद से दिल्ली जाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवा रखी थी। लेकिन जब वो यात्री बस अड्डे पहुंचे तो कडंक्टर-ड्राइवर ने सभी के दिल्ली से आगे के रेल टिकट भी जांचने शुरू कर दिए। महज एक सवारी के पास ही रेल टिकट मिला तो रोडवेज अधिकारियों ने उसे ही बस में चढ़ने दिया।
वर्जन
‘हिसार-सिरसा रोडवेज बस चलाने में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका है। साथ ही अभी इस बारे में उच्च अधिकारियों से औपचारिक आदेश नहीं मिले हैं। इसके बाद ही इस बारे में कुछ किया जा सकेगा।’
आरएस पूनिया, जिला महाप्रबंधक, हरियाणा रोडवेज, फतेहाबाद ।