फतेहाबाद। बिजली निगम ने अपने डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पर कैंची चलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निगम उन उपभोक्ताओं की सूची बना चुका है, जिनके बिल पांच हजार से एक लाख रुपये तक लंबित हैं। ऐसे में अगर अगले माह तक उपभोक्ताओं ने बिल नहीं भरे तो उनकी दिवाली अंधेरे में मनेगी। निगम की ओर से उनको नोटिस भी भेज दिए गए हैं।
फतेहाबाद शहर व इसके साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली निगम के उपभोक्ता लंबे समय से बिल नहीं भर रहे हैं। इसको देखते हुए निगम ने इन उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की तैयारी की हुई है। पिछले दिनों भी निगम की ओर से 10 हजार से लेकर एक लाख तक के 150 डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन काट चुका है। इनमें शहर के एक कारोबारी पर तो 70 से 80 लाख रुपये का बिजली का बिल काफी समय से बकाया था। लंबे समय से यह बिल नहीं भरा गया था और निगम ने गत दिनों उसके दो प्रतिष्ठानों का बिजली का कनेक्शन काट दिया था। हाल फिलहाल में भी शहर में चल रहे एक संस्था के स्कूल का बिल भी 40 हजार रुपये के करीब है और इसे भी काटा जा सकता है।
पांच हजार से अधिक के शहर में चार हजार डिफाल्टर उपभोक्ता
बिजली निगम के अनुसार, वैसे तो 100 से पांच हजार तक के कई उपभोक्ता डिफाल्टर हैं, लेकिन वह धीरे-धीरे बिल भर रहे हैं। लेकिन शहर में पांच हजार से एक लाख रुपये तक के करीब चार हजार उपभोक्ता हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 250 के करीब उपभोक्ताओं के बिल भी 10 हजार रुपये तक के लंबित हैं। निगम इन उपभोक्ताओं को नोटिस दे चुका है। निगम के अधिकारियों की नजर उन उपभोक्ताओं पर अधिक है, जिनके 10 हजार से अधिक के बिल लंबित हैं।
कोट
उपभोक्ताओं को बिल भरने का नोटिस जारी किया गया है। नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में इसका आंकलन किया जाएगा, कि किसने बिल भरा है और किसने नहीं। इसके बाद उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने का कार्य आरंभ किया जाएगा।
-मानिक, एसडीओ, बिजली निगम फतेहाबाद।