फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की शनिवार को अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट लेवल तीन) की शाम के सत्र में जिले के 12 केंद्रों पर हुई परीक्षा में 3556 में से 3210 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 346 अभ्यर्थी परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। करीब 90 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
शनिवार की शाम को परीक्षा केंद्रों पर जांच के बाद एंट्री दी गई। करीब पांच जगह जांच के बाद अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष के अंदर पहुंच पाए। आंख की बायोमेट्रिक भी ली गई। केंद्र के अंदर एंट्री को लेकर महिला अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। महिला अभ्यर्थियों को नोज पिन खोलने के लिए परेशानी हुई। कई महिला अभ्यर्थी ज्वैर्ल्स की दुकान पर पहुंचीं और नोज पिन खुलवाई। पुरुष अभ्यर्थियों को भी रुमाल, बेल्ट, पर्स और यहां तक चाबी अंदर लेकर नहीं जाने दिया गया।
इन केंद्रों पर ये अभ्यर्थी पहुंचे परीक्षा देने :
परीक्षा केंद्र कुल अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे अनुपस्थित रहे
अपेक्स पब्लिक स्कूल 310 284 26
बाल भारती स्कूल 310 271 39
महिला महाविद्यालय ब्लॉक ए 310 291 19
महिला महाविद्यालय ब्लॉक बी 310 283 27
क्रिसेंट कॉलेज ब्लॉक एक 310 277 33
क्रिसेंट कॉलेज ब्लॉक बी 310 273 37
डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल 310 286 24
डीएवी पुलिस स्कूल 280 252 28
राजकीय मॉडल संस्कृति 310 280 30
एमएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन 310 281 29
स्प्रिंग बेल्स स्कूल 310 284 26
महाराजा अग्रसेन स्कूल 176 148 28
मां गई पेपर देने तो पिता ने संभाला बच्चा
एचटेट को लेकर जिला मुख्यालय पर केंद्र बनाए गए थे। रतिया, टोहाना, भूना, भट्टू व जाखल खंड से अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए यहां पहुंचें। कई महिला अभ्यर्थियों के साथ छोटे बच्चे भी पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर किसी बच्चे के पिता तो किसी की दादी या नानी संभालते हुए नजर आए।
आज होगी लेवल दो और एक की परीक्षा
अध्यापक पात्रता परीक्षा रविवार को भी आयोजित होगी। सुबह के सत्र में लेवल दो यानि टीजीटी की 5306 और शाम के सत्र में लेवल एक यानि जेबीटी की 2227 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों की परीक्षा से दो घंटे 10 मिनट पहले एंट्री शुरू होगी और एक घंटा पहले बंद हो जाएगी।
एचटेट में बायोमेट्रिक सिस्टम हुआ फेल, परीक्षा के बाद किया गया मिलान
एचटेट को लेकर अभ्यर्थियों की आंख की बायोमेट्रिक ली गई। बायोमेट्रिक सिस्टम 30 मिनट सही चला। हालांकि इसके बाद फेल हो गया। रुक-रुककर चलने के चलते परीक्षा शुरू होने तक कई अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक नहीं लग पाई। एमएम कॉलेज, महिला महाविद्यालय में अभ्यर्थियों की परीक्षा के बाद बायोमेट्रिक से मिलान किया गया। इसके चलते शाम 6.30 बजे तक अभ्यर्थियों को बायोमेट्रिक के लिए इंतजार करना पड़ा।
परीक्षा से पहले और बाद में लगा जाम
एचटेट परीक्षा को लेकर शहर के बीघड़ चौक से लेकर सिटी बस स्टैंड तक जाम की स्थिति रही। परीक्षा शुरू होने और बाद में जाम की स्थिति रही। टोहाना, रतिया, जाखल और भूना जाने वाले अभ्यर्थियों को सिटी बस स्टैंड पर जाम से जूझना पड़ा।
कोट
जिला मुख्यालय के 12 केंद्रों पर एचटेट लेवल तीन की परीक्षा हुई। परीक्षा देने के लिए 90 फीसदी अभ्यर्थी पहुंचे। परीक्षा को लेकर पूरी तरह से सख्ती बरती गई थी। परीक्षा शांतिपूर्वक माहौल में संपन्न हुई।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी