जाखल। घर में जला पड़ा सामान। स्त्रोत : संवाद
जाखल। वार्ड 4 में वीरवार देर रात एक मकान में आग लग गई। इससे घरेलू एवं अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। आसपास के लोगों व दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
शहर के वार्ड 4 में हनी सिंह परिवार के साथ रहता है। देर शाम तक हनी अपने काम पर था और उसकी पत्नी घर का ताला लगा कर बच्चों को दवा दिलाने के लिए गई हुई थी। इस दौरान घर में अचानक आग लग गई। आग से घर में रखा अनाज, कपड़े और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद से परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। बड़ी मुश्किल से उन्होंने घर में जरूरत की चीजें जुटाईं थी पर आग से सब बर्बाद हो गया। उन्होंने जिला प्रशासन से मुआवजे प्रदान करने की मांग की है ताकि जीवनयापन कर सकें।
एक हफ्ते पहले खरीदी बच्चों की किताबें भी जलीं
हनी सिंह ने बताया कि बेटी दिव्यांशी तीसरी जबकि बेटा वंश नर्सरी कक्षा में पढ़ता है। करीब एक सप्ताह पहले ही दोनों बच्चों का स्कूल में दाखिला करवाया था। उनके लिए नई किताबें और ड्रेस भी खरीदी थीं। इन सब पर परिवार का 10 हजार रुपये से अधिक का खर्च आया था। इस आग में बच्चों की किताबें व वर्दी भी नष्ट हो गई।
-
एसी में शार्ट-सर्किट होने से घर में लगी आग
फतेहाबाद। डीसी कॉलोनी में एसी में शॉर्ट-सर्किट होने से घर में आग लग गई। जिससे कमरे में रखा हजारों रुपये का सामान नष्ट हो गया। आग लगी देख लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संवाद