फतेहाबाद। रविवार अवकाश के दिन भी जिले में जनगणना के अंतर्गत मकान सूचीकरण का कार्य जारी रहा। इस दौरान घर-घर पहुंचकर परिवारों से 33 सवालों की जानकारी जुटाई जाएगी। यह कार्य 30 मई तक चलेगा।
डीसी डाॅ. विवेक भारती ने बताया कि जनगणना का उद्देश्य देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित अद्यतन आंकड़े संकलित करना है जिससे विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी। जिला के मकान सूचीकरण का कार्य ब्लॉक स्तर में विभाजित किया गया है, जहां घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित की जाएगी। इन कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों का सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि जानकारी देते समय सजग रहें। गणनाकर्ता द्वारा आधार कार्ड नंबर, पैन कार्ड नंबर, बैंक खाता विवरण या किसी भी प्रकार की ओटीपी की जानकारी नहीं पूछी जाएगी।
-
33 सवालों के जवाब होंगे दर्ज
नोडल अधिकारी एवं सीटीएम गौरव गुप्ता ने बताया कि जनगणना के दौरान गणनाकर्ता को कोई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रगणकों द्वारा नागरिकों से मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार प्रमुख का नाम, पेयजल सुविधा, बिजली कनेक्शन, शौचालय एवं बाथरूम की उपलब्धता, गैस कनेक्शन, रेडियो/टीवी, केबल सुविधा, वाहन जैसे साइकिल, बाइक एवं कार, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज तथा मोबाइल फोन नंबर जैसी सामान्य जानकारी ली जाएगी।