फतेहाबाद। राेजगार कार्यालय में कौशल एवं रोजगार विभाग ने वीरवार को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 24 युवा रोजगार की आस लेकर पहुंचे। मेले में सिक्योरिटी गार्ड, एलआईसी बीमा कंपनी और एसके जॉब प्रोवाइडर कंपनी के अधिकारी साक्षात्कार लेने पहुंचे।
मेले में विभिन्न प्रकार नौकरी के साक्षात्कार के लिए युवा शामिल हुए, लेकिन उन्होंने कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। ढंग की नौकरी नहीं होने पर कई युवा निराश होकर लौट गए। वहीं तीन युवाओं ने सिक्योरिटी गार्ड के लिए आवेदन जमा किए। एलआईसी और एसके जॉब के लिए किसी भी युवा ने आवेदन नहीं किया।
रोजगार की तलाश में मेले में पहुंचे युवाओं में निराशा देखने को मिली। मेले में स्नातक, स्नातकोत्तर ग्रेजुएट और आईटीआई पास युवा पहुंचे। युवाओं ने कहा कि जिस उम्मीद से रोजगार की तलाश में आए थे, वह पूरी होते नहीं दिखाई दे रही है। मेले में आई कंपनी 12 से 14 हजार रुपये की नौकरी देने की बात कह रही है। आवेदन जमा कराने के बाद एक माह का प्रशिक्षण होगा, इसके बाद ज्वाइन करवाने की बात कही जा रही है।
वहीं स्थानीय स्तर पर लाइफ इंश्योरेंस का काम एवं बाहर मशीन ऑपरेटर, सुरक्षा गार्ड व फील्ड का काम देना बताया गया है। निराश युवाओं ने कहा इतने कम पैसे में बाहर जाकर काम करने से अच्छा अपने ही घर में रहकर खेतीबाड़ी का काम कर लेंगे।
-
मैंने मैकेनिकल ट्रेड से बहुतकनीकी कोर्स किया हुआ है। मेरा नाम कौशल रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है। ऐसे में मुझे लिमिटेड कंपनी में नौकरी के साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। यहां आने के बाद सुरक्षा गार्ड की नौकरी के आवेदन जमा करवा रहे हैं। जिसमें कोई रुचि नहीं है।
-सक्षम, फतेहाबाद।
-
फोन पर मुझे किसी बड़ी कंपनी के साक्षात्कार लेने की बात कहीं गई, लेकिन यहां आने के बाद के बाद पता चला कि बीमा कंपनी और सुरक्षा गार्ड की नौकरी के आवेदन मांगे गए हैं। ऐसे में बिना आवेदन किए घर जा रहा हूं। इन नौकरी में बचत कम खर्चा ज्यादा है।
-कुलदीप, भट्टू कलां
रोजगार मेले में यह सोचकर आया कि योग्यता के अनुसार कोई अच्छी नौकरी मिलेगी। परंतु साक्षात्कार लेने पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा गार्ड के लिए पद हैं। जिसमें दिल्ली और चंडीगढ़ के एनसीआर में नौकरी करनी होगी। मात्र 14,000 रुपये वेतन से मेरा काम नहीं चलेगा।
-अजीत कुमार, फतेहाबाद।
:: बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया है। इसमें 24 युवा पहुंचे। इसमें से तीन युवाओं ने सुरक्षा गार्ड की नौकरी के लिए आवेदन किया है।
-राजेश कुमार, जिला रोजगार अधिकारी, फतेहाबाद।