इटली से फतेहाबाद शहर में अपनी ननिहाल में आए ढाई साल के बच्चे को संदिग्ध कोरोना वायरस से ग्रस्त मानकर स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया है। साथ ही बच्चे का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने तक बच्चा स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहेगा।
बच्चा इटली में अपने माता-पिता के साथ रहता है और 15 दिन पहले फतेहाबाद अपनी माता के साथ आया था। खांसी-बुखार की शिकायत होने पर बच्चे को नागरिक अस्पताल में लाया गया था। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आरसी गोयल ने बच्चे की जांच की और संदिग्ध लगने पर उच्चाधिकारियों को सूचित कर बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया।
पीजीआई रोहतक भेजे जाएंगे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा में कोरोना वायरस संदिग्ध मरीजों के सैंपल के दो विशेष लैब स्थापित की गई हैं। इनमें एक लैब रोहतक स्थित पीजीआई में स्थापित की गई है, जबकि दूसरी लैब सोनीपत के स्थित बीपीएस मेडिकल कॉलेज में बनाई गई है। फतेहाबाद, सिरसा, हिसार के मरीजों के सैंपल रोहतक पीजीआई में भेजे जाएंगे।
अब तक विदेशों से आए 16 लोगों की हो चुकी स्क्रीनिंग
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवाइजरी जारी करने के बाद से फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 16 लोगों की स्क्रीनिंग की है। ये सभी लोग पिछले दिनों विदेशों से वापिस फतेहाबाद आए थे। इन 16 लोगों में बाकी 15 तो भारतीय थे जबकि एक महिला थाइलैंड की रहने वाली थी। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की एक विशेष टीम इसके लिए नियुक्त की गई है जो विदेश मंत्रालय एवं एयरपोर्ट अथॉरिटी से मरीजों की सूची मिलने के बाद उनकी स्क्रीनिंग करती है।
वुहान से लौटे एमबीबीएस डॉक्टर का सैंपल आया नेगेटिव
कोरोना वायरस चीन के शहर वुहान से दुनियाभर में फैला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग चीन, खासकर वुहान की ओर से आने वाले लोगों को लेकर खासा सजग है। पिछले दिनों चीन के वुहान शहर से फतेहाबाद में आए एक एमबीबीएस चिकित्सक का सैंपल भी स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए भेजा था। जांच में चिकित्सक का सैंपल नेगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली थी, लेकिन इस बीच अब इटली से आए कोरोना संदिग्ध बच्चे का मामला सामने आने से एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हरियाणा में भी कोरोना को महामारी घोषित कर चुका है विभाग
कोरोना वायरस पूरी दुनिया में खौफ का कारण बन चुका है और इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा में भी कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है। नागरिक अस्पताल प्रबंधन ने बाकी मरीजों तक बीमारी ना जाए, इसके लिए अस्पताल परिसर में फ्लू क्लिनिक अलग से बना दिया है। सर्दी-जुकाम, खांसी व बुखार के मरीजों को इसी विशेष फ्लू क्लीनिक में देखा जा रहा है।