फतेहाबाद। शहर में सामने आए हनीट्रैप मामले में मास्टरमाइंड स्वामी नगर निवासी सुमन को पुलिस ने वीरवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शामिल रीना और अर्जुन अभी तक गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की और परतें खुल सकती हैं। गिरफ्तार सुमन पहले पकड़ी गई आरोपी रितु की बहन बताई जा रही है। इस मामले में पहले ही एक पुलिसकर्मी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गांव ढाणी ठोबा निवासी सतपाल ने 6 मई को शिकायत दी थी कि उसे शादी का झांसा देकर चार मरला क्षेत्र स्थित मकान में बुलाया गया था।
आरोप है कि वहां रितु और सुमन ने साजिश के तहत एक नाबालिग लड़की को कमरे में बैठाया और बाद में पुलिसकर्मियों को मौके पर बुला लिया।शिकायत में बताया गया कि हवलदार रमेश और चालक सुनील ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाया और दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर 3.50 लाख रुपये वसूल लिए।
इस मामले में हवलदार रमेश, चालक सुनील और आरोपी रितु पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं जबकि एचकेआरएन के तहत कार्यरत चालक को सेवा से बर्खास्त किया जा चुका है। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।