फतेहाबाद में महाराजा अग्रसेन चौक पर लगी स्टॉल
फतेहाबाद। दिवाली की मिठास पर रविवार दोपहर मधुमक्खियों ने ऐसा कब्जा जमाया कि मिठाई विक्रेता के डेढ़ लाख रुपये डूब गए। महाराजा अग्रसेन चौक पर मेडिकल के पास लगी स्टॉल पर अचानक शहद पालन वाली मधुमक्खियों का झुंड पहुंच गया।
देखते ही देखते मधुमक्खियां मिठाइयों पर मंडराने और बैठने लगीं। उन्हें हटाने की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं। इस दौरान पांच श्रमिक भी घायल हो गए। स्टॉल संचालक रिंकू ने बताया कि दिवाली पर उन्होंने चौक पर मिठाई की स्टॉल लगाई थी। रविवार दोपहर अचानक बड़ी संख्या में मधुमक्खियां पहुंच गईं।
कुछ ही देर में मिठाइयों पर उनका कब्जा हो गया। मिठाई बचाने के लिए काफी प्रयास किए गए लेकिन मधुमक्खियां टस से मस नहीं हुईं। आखिरकार करीब डेढ़ लाख रुपये की मिठाई बिक्री के लायक नहीं रही। बताया जा रहा है कि ये शहद पालन के लिए रखी गई मधुमक्खियां थीं जिन्हें किसी ने छोड़ दिया था।
इस घटना ने खुले में मिठाई बेचने के इंतजाम पर भी सवाल खड़े कर दिए। दिवाली के दौरान शहर के बाजारों और प्रमुख चौक-चौराहों पर 200 से अधिक मिठाई की स्टॉल लगी थीं। इनमें कई जगह मिठाइयां बिना ढके रखी गई थीं।
ऐसे में मक्खियों और धूल-मिट्टी से खाद्य सामग्री की स्वच्छता प्रभावित होने का खतरा बना रहता है। मधुमक्खियों के इस अचानक छापे ने मिठाई विक्रेता को बड़ा नुकसान पहुंचाया और खुले में बिक्री की परेशानी भी सामने ला दी।
खुले में मिठाई नहीं बेचने के लिए किया था जागरूक
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के एफएसओ रवि राठी ने बताया कि विभाग की ओर से लोगों और स्टॉल संचालकों को खुले में मिठाई नहीं बेचने के लिए जागरूक किया गया था। खाद्य सामग्री को ढककर रखने और साफ-सफाई का ध्यान रखने की हिदायत दी गई थी।
फतेहाबाद में महाराजा अग्रसेन चौक पर लगी स्टॉल