कार सवार कुछ लोगों ने नेशनल हाईवे से गुजर रहे एक चालक से मारपीट कर गांव माजरा के पास उसका ट्रक छीन लिया। चालक की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की और चालक को थाने ले गई। चालक ने आरोप लगाया कि कुछ युवकों ने उससे 14 हजार की नकदी भी छीन ली। इस दौरान उससे और उसके साथी से मारपीट भी की। पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर 4-5 अज्ञात लोगाें के खिलाफ मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हनुमानगढ़ निवासी ट्रक चालक गुरबचन सिंह पुत्र सुखमंदर ने बताया कि वह ट्रक में माल लोडिंग का काम करता है। मंगलवार शाम को जब वह अपना ट्रक लेकर नरवाना से हनुमानगढ़ के लिए रवाना हुआ तो फतेहाबाद के गांव माजरा के पास उसके ट्रक को पीछे से आ रही कार ने रुकवाया। कार से 4-5 युवक बाहर निकले और उसके साथ मारपीट की। जब उसके एक अन्य साथी ने बीच बचाव करने की कोशिश की तो युवकों ने उसके साथ भी मारपीट की। गुरबचन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि युवकों ने उसकी जेब में रखी 14 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली और ट्रक लेकर फरार हो गए। किसी राहगीर की मदद से उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सदर थाना प्रभारी गौरव शर्मा का कहना है कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की है। गुरबचन की शिकायत पर 4-5 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।