भूना। नाढोड़ी गांव निवासी एवं हरियाणा पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल सेंस्करण गोदारा का सेवानिवृत्ति से महज 11 दिन पहले हृदयाघात से निधन हो गया। वह सिरसा स्थित सेशन कोर्ट में कार्यरत थे और 31 जनवरी को सेवानिवृत्त होने वाले थे। अचानक हुई इस घटना से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
सेंस्करण गोदारा छुट्टी पर थे और सोमवार दोपहर को गांव बरसीन में बनने वाले अपने नए मकान की नींव भरवाने के कार्य में जुटे थे। वह मिस्त्री और मजदूरों के पास खड़े होकर काम देख रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन उन्हें तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिस घर में सेवानिवृत्ति के बाद नए जीवन की शुरुआत होनी थी, वहीं से उनकी अंतिम यात्रा का समाचार आया।
करगिल युद्ध में भी लिया था भाग
छोटे भाई हरि सिंह गोदारा ने बताया कि सेंस्करण गोदारा वर्ष 1988 में सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने करगिल युद्ध में भी अपनी सेवाएं दी थीं। सेना में 17 वर्षों की सेवा के दौरान वह जम्मू-कश्मीर, पठानकोट, अहमदाबाद और असम सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहे। वर्ष 2005 में सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सिरसा पुलिस में स्पेशल पुलिस ऑफिसर के रूप में सेवाएं दीं और बाद में हेड कांस्टेबल बने।
बेटा व पुत्रवधू डॉक्टर, छोटा भाई प्रगतिशील किसान
सेंस्करण गोदारा पांच भाइयों में मंझले थे। उनसे बड़े भरतलाल और स्व. सुल्तान सिंह, जबकि हरि सिंह और विक्रम उनसे छोटे हैं। परिवार में पत्नी ओमी देवी, बेटा रवि और बेटी पूजा हैं। बेटा डॉ. रवि और बहू डॉ. सुरेखा गोदारा एमबीबीएस हैं। डॉ. सुरेखा वर्तमान में सिरसा जिले के गांव दड़बा स्थित पीएचसी में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। बेटी पूजा विवाहित हैं। छोटे भाई हरि सिंह गोदारा की प्रगतिशील किसान के रूप में अलग पहचान है। जिनसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉलिंग के माध्यम से पीएम-किसान संवाद कार्यक्रम में सीधी बात की थी।
-
हरियाणा पुलिस की गार्द ने उन्हें अंतिम सलामी दी
मंगलवार को गांव नाढोड़ी की खेत ढाणी में सेंस्करण गोदारा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। हरियाणा पुलिस की गार्द ने उन्हें अंतिम सलामी दी। अंतिम संस्कार में थाना अध्यक्ष ओमप्रकाश बिश्नोई सहित सिरसा और फतेहाबाद के कई पुलिस अधिकारी व कर्मचारी पहुंचे।