रतिया। हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को नोटिस जारी किया है। आयोग ने मामले में एसीएस को 24 नवंबर को चंडीगढ़ में पेश होने के भी आदेश दिए हैं। यह कार्रवाई हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला ने हिसार डीए ऑफिस में कार्यरत कर्मचारी की शिकायत पर की है। इस मामले की जानकारी खुद चेयरमैन प्रो. बलियाला ने शनिवार को रतिया स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में दी।चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला ने बताया कि जब इस मामले में रिमांइडर भेजने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया तो आयोग ने अगली कार्रवाई करते हुए गृह विभाग के एसीएस को नोटिस जारी किया। मामले में 24 नवंबर को एसीएस को पेश होने के लिए कहा गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर एसीएस पेश होकर मामले की जानकारी से आयोग को अवगत नहीं करवाएंगे तो आयोग मामले में एक तरफा कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा।
यह था पूरा मामला
चेयरमैन प्रो. रविंद्र बलियाला ने बताया कि हिसार डीए ऑफिस में स्टेनोग्राफर कम लाइब्रेरियन के पद पर कार्यरत रोहताश कुमार द्वारा आयोग को शिकायत की गई थी। पीड़ित ने डायरेक्टर प्रॉसिक्यूशन संजय हुड्डा के खिलाफ शिकायत सौंपी है। आरोप है कि डायरेक्टर प्रॉसीक्यूशन ने मार्च माह में रोहताश को बुलाकर बेवजह लताड़ लगाई। इससे रोहताश को तनाव हो गया और अप्रैल माह में उसने शिकायत के माध्यम से इंसाफ के लिए आयोग का दरवाजा खटखटाया। जिस पर आयोग ने कार्रवाई करते हुए अप्रैल माह में गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को सही तथ्य और सूचना उपलब्ध करवाने के लिए कहा था। जिस पर एसीएस ने डॉयरेक्टर प्रॉसीक्यूशन और एससी आयोग को पत्र भेज दिया। मगर जानकारी नहीं दी। इसके बाद अगस्त में रिमाइंडर भेजा गया, फिर भी कोई जवाब नहीं आया। अब पेश होने के आदेश जारी किए गए हैं।