शहर में जगह-जगह लगे ट्रांसफार्मर कभी भी हादसों का कारण बन सकते हैं। इनके साथ दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान होने के कारण हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है।
शहर में जगह-जगह लगे ट्रांसफार्मरों के लटकते तार और इनमें से निकलने वाली चिंगारियां गर्मी के मौसम में अक्सर परेशानियां पैदा करती हैं। सबसे ज्यादा परेशानी इन ट्रांसफार्मरों के जमीन के साथ लगे होने से है, इसके कारण कोई भी इन्हें जाने अनजाने में छू सकता है। कई बार आवारा पशु इनकी चपेट आकर अपनी जान गंवा चुके हैं।
वीरवार देर शाम वार्ड छह के मुख्य चौक पर स्थित ट्रांसफार्मर में अचानक आए फाल्ट के चलते एक घंटे से अधिक समय तक क्षेत्र के आसपास की बिजली आपूर्ति बाधित रही। आए दिन इस प्रकार के छोटे मोटे फाल्ट कहीं न कहीं आते रहते हैं, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
अभी गर्मी में ये समस्याएं और बढ़ने की संभावना से लोग परेशान होने लगे हैं। हालांकि निगम के अधिकारियों ने गर्मी में दिक्कतें नहीं आने देने के लिए अभी से व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
पुराने तार बदलने के बाद भी दिक्कतें
शहर में बिजली निगम की ओर से पुरानी तारें बदलने का काम पूरा हो चुका है लेकिन जगह-जगह लगे ट्रांसफार्मरों में शॉर्ट सर्किट के चलते आने वाली दिक्कतें आम हो रही हैं। इन ट्रांसफार्मरों के साथ लगीं रेहड़ियों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को शॉर्ट सर्किट और करंट लगने का खतरा बना रहता है।
बिजली के मीटर भी हो रहे खराब
मुख्य मार्ग पर खंभों में लगाए बिजली के मीटर जहां खराब रहते हैं, वहीं, इनके ढक्कन खुले रहने से कोई भी इसके साथ छेड़छाड़ कर सकता है। इसका खामियाजा आम उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है।
शहर के प्रत्येक मोहल्ले, गली और वार्ड में लगे ट्रांसफार्मर और इनके तार इतने नीचे हैं कि कोई भी आसानी से छू सकता है।
सन्यास आश्रम रोड, शिव चौक, लाजपत पार्क, मॉडल टाउन स्थित डाकघर के पास, बस स्टैंड के पास, नेशनल हाईवे मार्ग, शिवालय मार्केट, वार्ड संख्या 6 के मुख्य चौक, अशोक नगर, मातूराम कॉलोनी, जवाहर चौक, नहर कॉलोनी, भट्टू रोड, पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र सहित अधिकतर वार्डों में लगे ट्रांसफार्मर इतने नीचे हैं कि उनके मुख्य स्विच और हाईटेंशन तार कोई भी छू सकता है। इनसे टकराकर कई मवेशियों की जान जा चुकी है।
शिव चौक स्थित मंदिर में ही चार ट्रांसफार्मर हैं। इनके ऊपर से तार का जाल बिछा हुआ है। इसके चारों ओर दुकानें और घर हैं। एक ट्रांसफार्मर में फाल्ट आए तो दूसरों को भी प्रभावित करता है।
बरसात के दिनों में और परेशानी होती है। सब्जी मंडी रोड पर एक ही लाइन में लगे दो-दो ट्रांसफार्मर और इनके नीचे फल और सब्जियों की रेहड़ियां लगी हैं।
बरसात के समय इनमें शॉर्ट सर्किट के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। इससे जलभराव के साथ लोहे के होर्डिंग से सटे होने के कारण आसपास के दुकानों और घरों में करेंट फैलने का खतरा बना रहता है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसडीओ शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि शहर के सभी पुराने बिजली के तार बदलने का काम चल रहा है।
इसके अलावा जहां भी फाल्ट आ रहा है, उन्हें दुरुस्त करने के साथ तार के जाल को इंसुलेटेड केबल लगाकर सुरक्षित करने का काम चल रहा है।
जो ट्रांसफार्मर आमजन की पहुंच में हैं, उन्हें तारबंदी किया जाएगा। पूरे शहर में खराब ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर गर्मी में आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए अभी से काम किया जा रहा है।