गांव मेहूवाला में योग व्यायाम शाला के लिए बनी जगह। संवाद
फतेहाबाद। जिले में बनी सभी ग्राम पंचायतों तक व्यायामशाला की सुविधा अभी नहीं पहुंच सकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य और फिटनेस गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना के तहत 64 व्यायामशालाओं के भवन तैयार हो चुके हैं लेकिन आयुष विभाग को हैंडओवर नहीं हो पाई हैं।
दूसरी ओर जिले में फिलहाल केवल 47 व्यायामशाला संचालित हैं जबकि 10 केंद्रों पर योग सहायक उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को योग, व्यायाम तथा फिटनेस गतिविधियों से जोड़ने की सोच के साथ गांवों में व्यायामशाला स्थापित की गई थीं। कई स्थानों पर भवन निर्माण कार्य काफी पहले पूरा हो चुका है लेकिन प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी नहीं होने से भवन उपयोग में नहीं आ सके हैं।
10 केंद्रों पर नहीं हैं योग सहायक
जिले में संचालित व्यायामशालाओं की स्थिति भी पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 57 केंद्रों में से 10 पर योग सहायक नियुक्त नहीं हैं। ऐसे केंद्रों पर नियमित योग सत्र प्रभावित हो रहे हैं। प्रशिक्षित मार्गदर्शन के अभाव में आने वाले लोगों को स्वयं अभ्यास करना पड़ता है। इससे योजना का उद्देश्य भी पूरी तरह पूरा नहीं हो पा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं का कहना है कि वर्तमान समय में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति लोगों की जागरूकता पहले की तुलना में काफी बढ़ी है। सुबह और शाम व्यायाम करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है लेकिन कई गांवों में अभी भी व्यायामशाला की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिन गांवों में भवन बन चुके हैं वहां भी गतिविधियां शुरू न होने से लोगों में निराशा है।
-
योग सहायकों की नियुक्त निदेशालय स्तर पर की जाती है। फतेहाबाद में रिक्त व्यायामशालाओं में योग सहायकों की नियुक्त के लिए विभाग को लिखा जा चुका है। उम्मीद है जल्द ही मांग पूरी हो जाए।
- डॉ. प्रवीन कुमार, जिला आयुष अधिकारी, फतेहाबाद।