फतेहाबाद। शनिवार से जिले की अनाज मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद शुरू होगी। मार्किट कमेटी ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। खरीद प्रक्रिया को सुगम बनाने और किसानों की सुविधा के लिए जिले के अपने फोन से टोकन काटने की व्यवस्था की है।
जिला फतेहाबाद में सरसों की फसल का 18 हजार 500 हेक्टेयर का रकबा है। सरसों की सबसे ज्यादा पैदावार भट्टूकलां क्षेत्र में होती है। किसानों का कहना है कि इस बार मौसम फसल के अनुकूल रहा है। ऐसे में प्रति एकड़ 10 से 12 क्विंटल सरसों की पैदावार हुई है। इससे किसानों को काफी आर्थिक लाभ मिला है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक कुशल बूरा ने बताया कि जिले की फतेहाबाद, भूना और भट्टू अनाज मंडियों में सरसों की खरीद की जाएगी। इस बार सरसों की सरकारी खरीद, खरीद एजेंसी हैफेड की ओर से की जाएगी है। शुक्रवार देर रात तक मंडियों के अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी जिसके बाद हैफेड का खरीद का आगामी लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया जाएगा।
नमी के मानकों में रियायत
अनाज मंडी के मंडी सुपरवाइजर राजेश नैन ने बताया कि फसल की गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नमी के मानक तय किए हैं। मंडियों में 8 फीसदी तक की नमी वाली सरसों की सरकारी भाव पर खरीद की जाएगी। किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लाएं ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य मिल सके और खरीद प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।
किसानों को घर बैठे मिलेगा टोकन
किसानों को मंडी में लंबी कतारों से बचाने के लिए इस बार अपने मोबाइल फोन के माध्यम से घर बैठे ही टोकन लेने की व्यवस्था की गई है। इससे समय की बचत होगी और मंडियों में भीड़ नहीं होगी। टोकन के आधार पर ही किसानों को अपनी फसल लाने का समय आवंटित किया जाएगा ताकि किसानों को परेशानी न हो।
मंडियों में मूलभूत सुविधाओं के इंतजाम
अमित रोहिल्ला मार्किट कमेटी, सचिव ने बताया कि सरसों व गेहूं के खरीद सीजन देखते हुए किसानों और मजदूरों के लिए मंडी परिसर में पेयजल, शौचालय और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसानों को मंडी में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी और पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी।
:: जिले में सरसाें की खरीद के लिए बैठक चल रही है। शुक्रवार देर रात्रि तक मंडियां अलॉटमेंट होने व खरीद का लक्ष्य निर्धारित होने की उम्मीद हैं। इसके बाद ही बारदानें की स्थिति का पता लगाया जाएगा। हालांकि अभी खरीद करने के लिए सभी सुविधाएं पूरी हैं। जैसे ही बैठक निर्णय आएगा जानकारी दे दी जाएगी।
-मांगेराम, डीएम, हैफेड, फतेहाबाद।