फतेहाबाद। जिले में सरसों की सरकारी खरीद प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू है। अब तक 13 किसानों ने सरकारी पोर्टल पर अपनी फसल बेचने के लिए टोकन कटवाए हैं लेकिन अभी तक किसी ने भी अपनी फसल को एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर नहीं बेचा है। मार्किट कमेटी ने खरीद को सुचारु बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली है। जिले में अब तक सरसों की निजी खरीद 12,000 क्विंटल के करीब हो चुकी है।
जिले की तीनों अनाज मंडियों फतेहाबाद, भट्टू और भूना में सरसों की आवक जारी है। किसान अपनी सरसों की फसल को निजी व्यापारियों को बेच रहे हैं। निजी व्यापारी सरकार की ओर निर्धारित एमएसपी 6200 रुपये प्रति क्विंटल के बजाय 6500 रुपये प्रति क्विंटल तक पर खरीद कर रहे हैं।
खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार मार्किट कमेटी ने मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों का मंडी में भौतिक सत्यापन अनिवार्य किया है। इसके लिए मुख्यालय मार्केट कमेटी को 56 बायोमेट्रिक की मशीनें भेजी हैं। फसल बेचने के लिए मंगलवार को 5 किसानों ने अपनी बायोमेट्रिक करवाई है।