फतेहाबाद। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भोडिया खेड़ा ने तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अंतर्गत प्रशिक्षण महानिदेशालय की ओर से जारी नवीनतम आईटीआई ग्रेडिंग में संस्थान ने 10 में से 9.6 अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान व ऑल इंडिया स्तर पर पांचवां स्थान हासिल किया है।
उपलब्धि के साथ संस्थान को देश के अग्रणी आईटीआई संस्थानों में स्थान मिला है। भारत सरकार द्वारा जारी ग्रेडिंग में आईटीआई ने प्रवेश प्रतिशत, महिला सहभागिता, ट्रेड विविधता, उत्तीर्ण परिणाम, सीबीटी में प्रदर्शन, डीएसटी नामांकन तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग प्रशिक्षुओं के नामांकन जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण मानकों पर उत्कृष्ट अंक अर्जित किए है।
इसी का परिणाम है कि संस्थान ने 9.6 का प्रभावशाली ग्रेडिंग स्कोर हासिल किया। संस्थान की इस सफलता के पीछे आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा प्रशिक्षकों और विद्यार्थियों की अथक मेहनत को प्रमुख कारण माना है।
-
सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे संस्थान परिवार की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम है। संस्थान का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करना नही बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
- रमेश कुमार, प्रधानाचार्य