फतेहाबाद। कोरोना महामारी के दौरान लगाए गए कोविड कर्मचारियों को हटाने के बाद दोबारा ज्वाइन करवाने के बाद अब फिर स्वास्थ्य विभाग ने झटका दिया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने एनएचएम कर्मचारियों को अपनी पॉलिसी के तहत ज्वाइन करवाने से मनाकर दिया। इसके अलावा न ही एनएचएम की तरफ से कोई गाइडलाइन आई है। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा ज्वाइन करवाए गए कोविड कर्मचारियों को हाजिरी लगाने से मना कर दिया है और उनका काम भी रोक दिया है।
अब इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय से मार्गदर्शन मांगा है। कोविड कर्मचारियों को हटाने के बाद एक बार फिर से व्यवस्था बिगड़ गई है। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में शुक्रवार को कोरोना सैंपल नहीं लिए गए। बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने एक जून को आदेश आने के बाद 24 जून को 77 में से 21 कर्मचारियों को ज्वाइन करवा दिया था और अब एलटी और स्टाफ को ज्वाइन करवाने की प्रक्रिया चल रही थी। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने नई पॉलिसी का हवाला देकर काम लेने से मना कर दिया है।
अब फिर पेच फंसा
कोरोना महामारी के तहत जिले में फार्मासिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, जीडीए, स्वीपर, नर्स, रेडियोग्राफर, एलटी और ओटीए रखे गए थे। जिले में 77 कर्मचारियों से काम लिया जा रहा था। 31 मार्च के बाद कार्यकाल नहीं बढ़ाया गया। इसके बाद एक जून को स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को आउटसोर्सिंग के तहत ज्वाइन करवाने के आदेश जारी कर दिए। जिले में 24 जून को फार्मासिस्ट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, जीडीए, स्वीपर और रेडियोग्राफर को ज्वाइन करवा दिया गया। लेकिन हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने पत्र जारी करके कहा है कि एनएचएम कर्मचारी इसमें नहीं आएंगे और वह एनएचएम पॉलिसी में ही काम करेंगे। 30 जून के बाद हरियाणा कौशल रोजगार निगम इन्हें मानदेय जारी नहीं करेगा जबकि एनएचएम की तरफ से इसको लेकर कोई नोटिफिकेशन नहीं आया है।
एनएचएम ने नहीं जारी की गाइडलाइन
हरियाणा कौशल रोजगार निगम ये स्पष्ट कह दिया है कि एनएचएम प्रोग्राम से आए कर्मचारियों को 30 जून के बाद मानदेय नहीं मिलेगा। इसके तहत सिर्फ 6 दिन का ही मानदेय 21 कर्मचारियों को मिलेगा। स्पष्ट गाइडलाइन न होने के चलते विभाग ने कर्मचारियों की हाजिरी और काम को रोक दिया है। अगर काम लिया जाता है तो इन्हें मानदेय देना पड़ेगा, जिसको लेकर अभी कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं है।
जिले में कोरोना के दो नए केस मिले
कोरोना संक्रमण के जिले में शुक्रवार को दो नए केस मिले हैं। जिले में 207 कोरोना के सैंपल लिए गए, इसमें दो संक्रमित मिले। जिले में फिलहाल कोरोना के 16 एक्टिव केस है। जिले में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण दर 0.97 फीसदी रही है।
कोविड कर्मचारियों को लेकर हरियाणा कौशल रोजगार निगम के पोर्टल पर रजिस्टर्ड करके करीब 21 कर्मचारियों को ज्वाइन करवा दिया गया था और अब स्टाफ नर्स और एलटी को ज्वाइन करवाने की प्रक्रिया चल रही थी। लेकिन एचकेआरएनएल ने नई पॉलिसी का हवाला देकर कहा है कि एनएचएम प्रोग्राम के कर्मचारी उसी पॉलिसी के तहत रहेंगे। जबकि अभी एनएचएम की तरफ से कोई गाइडलाइन नहीं आई है। जिन कर्मचारियों को ज्वाइन करवाया गया था उनकी हाजिरी और काम को रोक दिया गया है।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन
कोविड कर्मचारियों की हाजिरी और काम रोकने के बाद फ्लू क्लीनिक में बंद सैंपलिंग।- फोटो : Fatehabad