फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गीता जयंती समारोह आज से, पराली से बनीं झोपड़ियों में लगेंगी 40 विभागों की स्टालें

विज्ञापन
गीता जयंती पर लगाई जाने वाली पराली की स्टालें। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
फतेहाबाद। मनोहर मेमोरियल कॉलेज में शुक्रवार से जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। 6 से आठ दिसंबर तक मनाए जाने वाले महोत्सव में धान की पराली से बनीं 40 झोपड़ियों में विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएंगी। जिसमें से दस स्टाल ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हुई होंगी। जिनमें ग्रामीण परिवेश की महिलाएं अपने हाथों से बनाए घरेलू वस्तुओं का प्रदर्शन करेंगी।
विज्ञापन

इसके साथ ही आयोजनकर्ताओं ने यहां एक टूरिस्ट पैलेस की तरह विशालकाय पंडाल बनाया है जिसमें 40 के दशक का एक मिट्टी से बना घर आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अलावा यहां पर सेल्फी प्वाइंट के लिए भी विशेष कारीगर जयपुर से आकर तैयारियों में जुटे हैं। जिलास्तरीय गीता जयंती महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को दोपहर बारह बजे रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा करेंगे। जबकि सायंकालीन सत्र सांस्कृतिक संध्या में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला मुख्यातिथि होंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपायुक्त धीरेन्द्र खडग़टा करेंगे। सायंकालीन सत्र के कार्यक्रम में विद्वान मधुसुदन द्वारा गीता के सार पर व्याख्यान देंगे वहीं वृंदावन की टीम रासलीला करेगी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में लाइव सिंगर द्वारा सरस्वती व गीता वंदना, गीता पर आधारित भजन व हरियाणवी फॉक संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। वीरवार को यहां जिलास्तरीय 40 विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की प्रदर्शनी के लिए झोपड़ियां तैयार की गई। ग्रामीण आजीविका मिशन की दस स्टाल ऐसी होंगी जिसमें स्वयंसहायता समूह द्वारा अपने स्तर पर बनाए जा रहे आचार, सब्जी, रोटी, स्वैटर, दरी-खड्डा, लकड़ी का सामान, ओखली आदि का प्रदर्शन किया जाएगा। ये प्रदर्शनी ये संदेश देगी कि किस तरह महिलाएं अपने पैरों पर खड़े होकर स्वावलंबी बन रही हैं। इसके अलावा बागवानी विभाग द्वारा भी तीन स्टाल लगाए गए हैं जिसमें एकता शहद, किन्नू के प्लांट व हिसार सफेदा अमरूद का प्रदर्शन किया जा रहा है।
विज्ञापन

सैकड़ों मटकों पर गीता के श्लोक अंकित
सबसे अहम बात एमएम कॉलेज के अंदर प्रवेश करते ही गीता जयंती समारोह का मुख्य द्वार बनाया गया है। इस पर भगवान श्री कृष्ण को गीता का उपदेश देते का चित्र छापा जा रहा है। इसके अलावा सैकड़ों मटकों पर गीता के श्लोक अंकित करवाए गए हैं। तीन दिवसीय कार्यक्रम में सुबह का सत्र, दोपहर का सत्र एवं शाम के सत्र में अलग-अलग मुख्यातिथि होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। करीब तीन सौ से अधिक महिला कलाकार, सरकारी कर्मचारी व अधिकारी पिछले तीन दिनों से इसे सम्पन्न करवाने में दिन-रात जुटे हुए हैं। ग्रामीण परिवेश से ज्यादा से ज्यादा लोग यहां गीता जयंती समारोह में अपने ज्ञान में वृद्धि करें, इसके लिए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ रहा।
स्कूलों में बच्चे देंगे मनमोहक प्रस्तुति
इसके अलावा समारोह में अपैक्स पब्लिक स्कूल के बच्चे कृष्ण लीला, डीएवी पब्लिक स्कूल द्वारा भजन, जेएनवी खारा खेड़ी स्कूल द्वारा नाटक तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद द्वारा भांगड़ा की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी। समारोह में एडवोकेट संत कुमार टूटेजा, वीना खुराना द्वारा गीता के सार पर व्याख्यान दिया जाएगा। इसके अलावा समारोह के दौरान महिलाओं की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित करवाई जाएगी।
वर्जन
जिलास्तरीय गीता जयंती समारोह के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शुक्रवार से भव्य आयोजन शूरू हो जाएगा। इस कार्यक्रम में आकर लोग सही मायनों में गीता के ज्ञान से खुद को रूबरू करवा पाएंगे।
विज्ञापन

- धीरेंद्र खड़गटा, जिला उपायुक्त फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें