टोहाना। मेडिकल एनक्लेव स्थित राहुल सर अकादमी में वीरवार को छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी गर्ग, डॉ. शिव सचदेवा तथा डायटीशियन डॉ. रीटा मेहता ने किशोरियों को महिला स्वास्थ्य के बारे में जानकारी साझा की।
अमर उजाला फाउंडेशन की अपराजिता पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 छात्राएं मौजूद रहीं। अध्यक्षता अकादमी निदेशक राहुल गर्ग और मीनाक्षी गर्ग ने की। इस दौरान डॉ. शालिनी गर्ग ने मासिक धर्म के समय आने वाली समस्याओं पर छात्राओं के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने संतुलित खानपान अपनाने, तनाव से दूर रहने और शरीर के संकेतों को गंभीरता से लेने की सलाह दी।
डॉ. शालिनी ने कहा कि यदि मासिक धर्म समय पर न आए या असामान्य रूप से पहले आएं तो चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है, क्योंकि लापरवाही से समस्याएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने महिलाओं में कैंसर जैसी बीमारियों पर भी प्रकाश डाला और बताया कि शुरुआती चरण की जांच समय पर होने से इलाज संभव हो पाता है। डॉ. रीटा मेहता ने पोषण के महत्व पर जोर देते हुए किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
-
रेबीज बीमारी के बारे में किया जागरूक
डॉ. शिव सचदेवा ने बताया कि अखबार पढ़ने से आपको देश-प्रदेश, जिले और क्षेत्र की जानकारी मिलती है। इससे आप यूपीएससी, एचपीएससी जैसी परीक्षाओं को सफलतापूर्वक पास कर सकते हैं। इस दौरान डॉ. शिव ने कुत्ते के काटने से होने होने वाली रेबीज बीमारी के लक्षण और बचाव के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कैंसर जैसी बीमारी के लक्षण बताते हुए कहा कि महिलाओं में ज्यादातर स्तन और गर्भाशय का कैंसर सबसे ज्यादा होता है। इसका पता चलते ही तुरंत इलाज करवाना चाहिए।
-
जंक फूड की जगह पौष्टिक आहार लें
डायटीशियन डॉ. रीटा मेहता ने छात्राओं को जंक फूड न खाकर पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पौष्टिक तत्वों से भरपूर खाना खाकर वे अपने शरीर को बीमारियों से मुक्त बना सकते हैं और स्वस्थ जीवन यापन कर सकते हैं। बाजार में बने जंक फूड खाने से बीमारियां शरीर को घेर लेती हैं।
-
विद्यार्थियों को मिला स्वस्थ जीवन जीने का ज्ञान
राहुल एकेडमी के निदेशक राहुल गर्ग ने कहा कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में डॉक्टर्स की टीम ने बच्चों को स्वस्थ रहने के बारे में जागरूक किया। इस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ जीवन जीने के टिप्स दिए गए ताकि वे तनावमुक्त जीवन यापन कर सकें।
-
डॉ. शालिनी गर्ग ने मासिक धर्म का समय पर न आने के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इसका लाभ सभी को मिलेगा। इस दौरान उन्होंने बेहतर खानपान के बारे में भी जागरूक किया है।
-आलिया, छात्रा।
डॉ. शिव सचदेवा ने अखबार क्यों जरूरी है विषय में ज्ञानवर्धक जानकारी दी कि अखबार रोजाना पढ़ने से बच्चे का आईक्यू लेवल बढ़ता है। इससे वह बड़ी से बड़ी परीक्षा भी पास कर सकता है।
-अंतरा, छात्रा।
डॉ. रीटा मेहता ने जंक फूड से दूर रहकर पौष्टिक आहार लेने के बारे जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पौष्टिक आहार खाने से शुगर, बीपी जैसी बीमारी से बचा जा सकता है।
- दिव्या, छात्रा
-
कुत्ते के काटने के बाद लोग लापरवाही करते हुए घर में ही इलाज कर लेते हैं, इससे बीमारी कम होने के बजाय बढ़कर रेबीज बन जाती है जो जानलेवा भी साबित हो सकती है।
-कृतिका, छात्रा
ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आती है। इसके चलते वे तनाव मुक्त रहकर शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं। अमर उजाला की यह सराहनीय पहल है।
-मन्नत, छात्रा
महिलाओं में होने वाले कैंसर के लक्षण व बचाव के बारे में जानकारी मिली है। इस कैंप में चिकित्सकों ने समझाया कि ऐसी स्थिति में बिना घबराये
अपना इलाज शुरू करवाना चाहिए।
-संजना, छात्रा