फतेहाबाद। जबरन शादी करवाने की शिकायत करने वाली लड़की ने माता-पिता के साथ जाने से इन्कार कर दिया है। अब बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) उसकी काउंसिलिंग करेगी और बयान दर्ज कर पूरे मामले की परिस्थितियों की जानकारी जुटाएगी।
विज्ञापन
लड़की के माता-पिता को बाल विवाह निषेध अधिकारी ने मंगलवार को जांच के लिए बुलाया था। माता-पिता ने बताया कि वे बेटी के लिए रिश्ता देख रहे थे लेकिन अभी शादी तय नहीं हुई थी। उनका कहना था कि लड़की को किसी तरह की गलतफहमी हुई है। दूसरी ओर लड़की ने उनके साथ जाने से साफ मना कर दिया।
उल्लेखनीय है कि लड़की ने सोमवार को बाल विवाह निषेध अधिकारी को सूचना दी थी कि उसकी जबरन शादी राजस्थान के अलवर में करवाई जा रही है। सूचना मिलने पर विभाग की टीम भट्टूकलां पहुंची थी। लड़की ने टीम के सामने अपनी जान को खतरा भी बताया था। इसके बाद टीम ने उसे भट्टूकलां पुलिस के हवाले कर दिया। मंगलवार को दोनों पक्षों से बातचीत के बाद बाल विवाह निषेध अधिकारी ने लड़की को सीडब्ल्यूसी के हवाले कर दिया।