भूना (फतेहाबाद)। फतेहाबाद रोड पर वाल्मीकि मोहल्ला में कुख्यात सोनू उर्फ बच्ची ने आईफोन और ब्रांडेड कपड़े नहीं दिलवाने पर बुधवार देर रात अमरजीत के घर पर जानलेवा हमला कर दिया। बच्ची गैंग के सरगना व उसके तीन गुर्गों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। दो गोलियां सीधी घर के दरवाजे पर मारी गई। गोलियां चलने से मोहल्ले में दहशत पसर गई। एएसपी सृष्टि गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने बच्ची गैंग के सरगना व उसके तीन नामित गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है। एएसपी ने अलग-अलग तीन टीमें गठित करके सीआईए फतेहाबाद व भूना पुलिस को आरोपियों को काबू करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
वार्ड नंबर चार स्थित वाल्मीकि मोहल्ला निवासी अमरजीत ने बताया कि दो दिन पहले सोनू उर्फ बच्ची व सौरभ उसके पास आए थे। उन्होंने आईफोन व ब्रांडेड कपड़े दिलवाने की मांग की थी, मगर मैंने उन्हें उसी समय इन्कार कर दिया। दोनों ने मुझे धमकी दी थी कि यह सब नहीं दिलाया तो तेरे साथ अब अच्छा नहीं होगा। इसी रंजिश में बुधवार रात करीब एक बजे बाइक सवार आरोपियों ने उसके घर के सामने आवाज लगाकर घर से बाहर निकलने के लिए उसे ललकारते रहे। जब वह घर से बाहर आकर देखने लगा तो हमलावरों ने उस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। वह अपनी जान बचाकर घर के अंदर चला गया। गोलियों की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोग घर से बाहर आए तो आरोपियों ने हवाई फायर किए और मुझे पांच दिनों के अंदर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
कुख्यात सोनू 20 दिनों से कर रहा था वसूली
बदमाश सोनू उर्फ बच्ची मई महीने में जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया था। आरोपी पर हरियाणा, पंजाब व राजस्थान सहित कई पुलिस थानों में 48 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, चोरी, लूटपाट, मारपीट, छीनाझपटी व रंगदारी मांगने जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
भूना पुलिस ने करीब ढाई साल पहले हत्या के प्रयास व डकैती के मामले में सोनू उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया था, तभी से जेल में था। करीब सवा महीने पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया है। शहर में पुन: अपनी धाक जमाने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से बड़े-बड़े शोरूम व प्रतिष्ठानों पर जाकर अपना परिचय देकर लोगों को धमकाता था। इतना ही नहीं किसी संत के साथ सोनू मिलकर चंदा जुटाने को लेकर व्यापारियों से मिलने का सिलसिला बढ़ा दिया था। व्यापारियों ने एसपी को भी अवगत करवाया। मगर, किसी भी व्यापारी या दुकानदार ने आरोपी के खिलाफ लिखित में पुलिस को शिकायत नहीं दी। अनाज मंडी में अपने गुर्गों के साथ व्यापारियों के फोन नंबर लेना और बदमाशी भरे लहजे में बात करने जैसी हरकतों से व्यापारी वर्ग में दहशत फैल गई।
वाल्मीकि मोहल्ले में बुधवार रात को गोलीबारी मामले में चार नामजद हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। अमरजीत की शिकायत पर आरोपी सोनू उर्फ बच्ची, सौरभ, अंकित उर्फ बॉक्सर व अशोक उर्फ बिल्ला के खिलाफ केस दर्ज किया है। अशोक बिल्ला जींद जिले के गांव सैंथली का निवासी है, जबकि बाकी तीनों भूना के हैं। हमलावरों की तलाश जारी है।
-सृष्टि गुप्ता, एएसपी