फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण की जिले में एंट्री हो गई है। गांव पिरथला निवासी 25 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित मिली है। युवती का दिल्ली के निजी अस्पताल में टेस्ट हुआ था, यहां जांच के दौरान कोरोना संक्रमित मिली है। हालांकि युवती स्वस्थ है और घर पर ही होम आइसोलेट है। कोरोना महामारी को लेकर सोमवार को जिले के 14 सरकारी और निजी अस्पताल में मॉक ड्रिल करवाई गई है।
मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में व्यवस्था को जांचा और मेडिकल उपकरण और दवाइयों का स्टॉक रिकॉर्ड तैयार किया। सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने मॉक ड्रिल को लेकर फतेहाबाद के सद्भावना अस्पताल और नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। सिविल सर्जन दोपहर को उप सिविल सर्जन डॉ. हमेश बंसल, मेजर डॉ. शरद तुली के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचीं और यहां पर निरीक्षण शुरू किया तो गर्भवती के लिए लगाए गए प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षित योजना के तहत कैंप में अव्यवस्था मिली। यहां कैंप में गर्भवती बिना मास्क थी और कैंप स्थल पर जमावड़ा लगा हुआ था। इसके अलावा जब सीएमओ ने ब्लड सैंपल कक्ष का निरीक्षण किया तो यहां पर कर्मचारियों के काम करने के सिस्टम को लेकर फटकार लगाई। सैंपल लेने के बाद गलत तरीके से लैब में ले जाया जा रहा था, इसके अलावा गर्भवती के सैंपल के लिए अलग से काउंटर भी नहीं लगाए गए थे। इस पर सिविल सर्जन ने एसएमओ डॉ. राजेश चौधरी को निर्देश दिए कि गर्भवती के लिए अलग से ब्लड सैंपल काउंटर लगाया जाए। इसके अलावा सैंपल को लैब तक पहुंचाने के लिए नियम अनुसार व्यवस्था करें।
स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सैंपलिंग, हुई सौ पार
कोरोना संक्रमण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सैंपलिंग बढ़ा दी है। सोमवार को जिले में कोरोना के 103 सैंपल लिए गए है। इसमें आरटीपीसीआर के 94 और रैपिड एंटीजन के 9 सैंपल लिए गए है। अभी लैब से 265 सैंपलों की रिपोर्ट आनी है। फिलहाल जिले में कोरोना का एक एक्टिव केस मिला है।
जिले में ये हैं कोविड अस्पताल
जिले में कोराना महामारी को लेकर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद, टोहाना, रतिया, सीएचसी भूना, भट्टू, जाखल, बड़ोपल, सद्भावना अस्पताल, उम्मीद अस्पताल, वधवा अस्पताल, सिंगला अस्पताल, आरएमसी अस्पताल, मानव सेवा संग अस्पताल, संजीवनी अस्पताल टोहाना, गुप्ता चिल्ड्रन अस्पताल रतिया को कोविड अस्पताल बनाया गया है।
आइसोलेशन वार्ड और न ही ऑक्सीजन प्लांट जांचा, कर्मचारियों को भी मॉक ड्रिल में नहीं किया शामिल
कोरोना महामारी की तैयारियां जांचने के लिए मॉक ड्रिल को लेकर खानापूर्ति की गई। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में आइसोलेशन वार्ड और न ही ऑक्सीजन प्लांट जांचा गया। इसके अलावा कर्मचारियों को भी मॉक ड्रिल में शामिल नहीं किया गया। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के दौरान मेडिकल उपकरण, दवाइयां, आइसोलेशन वार्ड, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन प्लांट की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल करवाई जा रही है।
कोट
कोरोना महामारी को लेकर तैयारियों के लिए स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन के मुताबिक मॉक ड्रिल करवाई गई है। खुद भी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया है, जहां कमी है उसे दूर करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन