भट्टू कलां में लोगों की समस्याएं सुनते उर्जा मंत्री रणजीत सिंह।
- फोटो : Fatehabad
हरियाणा प्रदेश के जेल, अक्षय ऊर्जा, बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में हरियाणा के बिजली निगम 450 करोड़ रुपये से भी अधिक लाभ में चल रहे हैं और पिछली विपक्ष की पूर्व सरकारों में निगम पर 33 हजार 500 करोड़ रुपये का घाटा था। बिजली के बेहतर प्रबंधन व सुविधाओं के चलते ही आज हम प्रदेश के हजारों गांवों को 24 घंटे बिजली दे पा रहे हैं। बिजली मंत्री शनिवार को फतेहाबाद हलके के भट्टूमंडी में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस मौके पर फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम जिप चेयरमैन राजेश कसवां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंत्री व विधायक ने भट्टू इलाके की समस्या सुनने के उपरांत पूर्व सरपंच सुमन गोयल और सुरेंद्र गोंयल के निवास पर जलपान किया और पत्रकारों के बातचीत की।
कार्यक्रम में मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और विधायक दुड़ा राम ने इलाके के लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्या को सुनकर मौके पर ही निदान किया। बिजली मंत्री ने कहा कि हमारा उद्देश्य प्रदेश के लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति देना है और इसके लिए हम बिजली वितरण के बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। हमारे पास बिजली की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं तक बिजली आपूूर्ति के लिए हमें जहां भी पावर हाउसों को अपग्रेड करने की जरूरत होगी वहां करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शेष बचे गांवों को भी जगमग योजना में शामिल किया जाएगा ताकि प्रदेश की जनता को 18 से 24 घंटे बिजली मिले। उन्होंने कहा कि अपनी बेहतर बिजली आपूर्ति व्यवस्था और लोगों के सहयोग के चलते हमने लाईन लास 13.2 प्रतिशत कम कर करके दो हजार करोड़ रुपये का फ ायदा किया है। उन्होंने कहा कि ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले किसानों को अति शीघ्र कनेक्शन देने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा आगामी तीन मास तक किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन दिए जाएंगे।
ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि फतेहाबाद हलके के लिए खुशी की बात है कि यहां की जनता के लिए एक नहीं बल्कि दो काम करने वाले विधायक है। उन्होंने कहा कि विधायक दुड़ाराम व स्वयं भी आपके विधायक है क्योंकि इस इलाके से उनका पुराना नाता रहा है। उन्होंने कहा कि चौधरी दुड़ाराम द्वारा कोई भी बात को वह नहीं टालते क्योंकि वह मेरे प्रिय मित्र है। ट्यूबवेल कनेक्शन जिम्मेदारी उनकी है वह किसी तरह के काम में कोई कमी नहीं रहने देंगे। इस दौरान चौधरी रणजीत सिंह ने लोगों की जन शिकायतें भी सुनी। इस अवसर पर विधायक चौधरी दूड़ा राम ने भी संबोधित किया और भट्टू मंडी पर पहुंचे पर जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा रानियां हलका की तरह ही मंत्री रणजीत चौटाला फतेहाबाद हलके का सम्मान करते हैं। इस दौरान जिला परिषद चेयरमैन राजेश कस्वां, आत्माराम कसाणा, सीएमओ डॉ. मनीष बंसल, कार्यकारी अभियंता एमएल सुखीजा, एसडीओ अशोक पानू, बीडीपीओ विनय प्रताप सिंह, भट्टूमंडी सरपंच बंशीलाल, ब्रह्मानंद गोयल, सुरेंद्र गोयल, डॉ. बीएस बैनीवाल, कमल बिसला, सतवीर मेहूवाला, बलजीत बैनीवाल, अनूप मित्तल, युवराज गोयल, हरदत जोपीन, देवेंद्र सांवत, अर्जुन राठोड़, राजबीर, दलीप माचरा, राकेश गोदारा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।