फतेहाबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई, 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो चुकी है उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने के विशेष प्रयास किए जाए।
इसके लिए शिक्षण संस्थानों में विशेष कैंप आयोजित किए जाए ताकि कोई पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रह जाए। यह निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डाॅ. विवेक भारती ने कैंप कार्यालय में आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक से पहले हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एश्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए।
वीसी उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई, 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो चुकी है और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है वे फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवा सकते हैं।
पात्र नागरिक फार्म-6 के साथ निर्धारित दस्तावेज संलग्न कर संबंधित बीएलओ के पास 30 अगस्त तक जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा मतदाता सूची में नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित फार्म 8 के माध्यम से संशोधन के लिए भी आवेदन किया जा सकता है।
जिन पात्र नागरिकों ने मई, जून व जुलाई महीने में फार्म नं 6, 7, 8 ऑनलाइन अप्लाई किया था उनके फार्म रिजेक्ट कर दिए गए हैं इसलिए वे 30 अगस्त तक नई गाइड लाइन के अनुसार घोषणा पत्र भरकर पुन: आवेदन कर सकते हैं।
नोटिस का निपटान 28 सितंबर तक किया जाएगा तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 3 अक्तूबर को किया जाएगा। बैठक में एसडीएम टोहाना आकाश शर्मा, एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार, एसडीएम रतिया सुरेंद्र सिंह, सीटीएम गौरव गुप्ता, नायब तहसीलदार चुनाव राज कुमार आदि मौजूद रहे।