फतेहाबाद। अब मतदाताओं को अपना वोट डालने में अधिक देर तक लाइन में खड़ा होकर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। भारत निर्वाचन आयोग ने वोटर इन क्यू एप लांच किया है, जिसके माध्यम से मतदाता मतदान केंद्रों पर लगने वाली भीड़ की जानकारी घर बैठे ही ले सकते हैं। भीड़ कम होते ही वह वोट डालने के लिए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल ने बताया कि वोटर इन क्यू नामक एप बनाई गई है, जिससे मतदाता चुनाव के दिन मतदान केंद्रों पर लगने वाली भीड़ को लाइव देख सकते हैं। इससे मतदाता अपनी सुविधा अनुसार मतदान करने के लिए केंद्र पर जा सकते हैं। कई बार मतदाता भीड़ देखकर वोट डाले बिना ही लौट जाते हैं। मगर अब इस एप के माध्यम से मतदान केंद्रों पर लगी लाइन की जानकारी मिल सकेगी।
वोटर इन क्यू मोबाइल एप पर मतदाता अपने क्षेत्र, पोलिंग बूथ, वोटर का नाम आदि फीड करने पर उसे एक ओटीपी मिलेगा, जिसका प्रयोग कर वह बूथ पर सीधे बीएलओ से जुड़ सकता है। बीएलओ हर एक घंटा या आधे घंटे बाद एप में बताएगा कि उस समय वोट डालने के लिए कितने लोग कतार में खड़े हैं। इस मोबाइल एप और वेबसाइट का प्रयोग पहली बार किया जा रहा है।