फतेहाबाद। फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026-27 में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) घटक के तहत किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इच्छुक किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर 3 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक कृषि अभियंता पवन कुमार ने बताया कि योजना के तहत सुपर स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, हैप्पी सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर, श्रेडर, मल्चर, शर्ब मास्टर, रोटरी स्लैशर, हाइड्रोलिक रिवर्सिबल एमबी प्लॉव, जीरो टिल सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल, बेलर व स्ट्रॉ रेक, स्वचालित एवं ट्रैक्टर चालित क्रॉप रीपर, ट्रैक्टर चालित लोडर तथा टेडर मशीन सहित विभिन्न आधुनिक कृषि यंत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दो सीजनों में पराली जलाने के कारण जिन किसानों के रिकॉर्ड में रेड एंट्री दर्ज है, वे तथा उनके परिवार के सदस्य इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। इसके अलावा, किसान का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ और रबी सीजन 2025-26 के लिए पंजीकरण होना अनिवार्य है।