रतिया। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी वार्ड 28 रतिया और वार्ड 26 रतनगढ़ के सदस्य के लिए आम चुनाव 19 जनवरी को होंगे। डीसी मनदीप कौर ने बताया कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के प्रदेश भर में बने सभी 40 वार्डों के प्रथम आम चुनाव के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
इसके तहत हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी वार्ड 28 रतिया और वार्ड 26 रतनगढ़ के सदस्य के लिए आम चुनाव होना है। डीसी ने बताया कि नामांकन आमंत्रित करने के लिए अधिसूचना का प्रकाशन बुधवार को होगा। इसके बाद 20 दिसंबर से लेकर 28 दिसंबर तक नामांकन भरे जाएंगे। 30 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच और छंटनी की जाएगी।
रिटर्निंग अधिकारी के आदेश में संशोधन के लिए डीसी को आवेदन दायर करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर की है। डीसी की ओर से संशोधन आवेदन पर निर्णय एक जनवरी को लिया जाएगा। वैध नामांकन पत्रों की सूची का प्रकाशन एक जनवरी को किया जाएगा। कोई भी उम्मीदवार 2 जनवरी तक उम्मीदवारी वापस ले सकता है। फिर उसी दिन चुनाव चिह्न दोपहर 3 बजे के बाद आवंटित किए जाएंगे। अगर आवश्यक हुआ तो 19 जनवरी को हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव सुबह 8 बजे से लेकर सायं 5 बजे तक करवाए जाएंगे। मतदान पूरा होने के तुरंत बाद बूथ पर ही मतगणना करवा दी जाएगी। डीसी ने बताया कि नामांकन पत्र भरने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी को नामांकन की अंतिम तिथि से पहले निर्वाचन अधिकारी के पास पांच हजार रुपये का शुल्क जमा करना होगा।
चुनाव से जुड़ी जानकारी देते हुए वार्ड 26 रतनगढ़ के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र और वार्ड 28 रतिया रिटर्निंग अधिकारी एवं नगराधीश कैप्टन परमेश सिंह ने बताया कि जारी शेड्यूल के तहत नाम निर्देशन पत्र एसडीएम कोर्ट रूम व न्यायालय तहसीलदार रतिया के कमरा नंबर 16 में अभ्यर्थी या उसके किसी प्रस्थापक की ओर से किसी भी कार्य दिवस में सुबह 11 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक परिदत्त किए जा सकेंगे।